Samachar Nama
×

बलूचिस्तान में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की हत्या का दावा, कई घायल

बलूचिस्तान में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की हत्या का दावा, कई घायल
बलूचिस्तान में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की हत्या का दावा, कई घायल

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने सिबी जिले में राजमार्ग की नाकाबंदी के दौरान छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मारने और कई अन्य को घायल करने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वहीं, चागाई जिले में एक अलग हमले में पुलिस थाने को विस्फोट से उड़ा दिया गया।

बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने एक बयान में कहा कि संगठन के लड़ाकों ने गुरुवार को सिबी जिले के मिथरी इलाके में मुख्य राजमार्ग को अवरुद्ध कर वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली। द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बीआरजी ने दावा किया कि राजमार्ग की नाकाबंदी के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक मुठभेड़ हुई। इस दौरान छह सुरक्षाकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

प्रवक्ता ने कहा कि इसके बाद लड़ाकों ने पास की एक पुलिस चौकी पर नियंत्रण कर लिया। पुलिसकर्मियों के वहां से भाग जाने के बाद लड़ाकों ने चौकी से उपकरण और मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं और इमारत में आग लगा दी। बीआरजी ने सशस्त्र संघर्ष जारी रखने की बात दोहराते हुए कहा कि बलूचिस्तान को पूरी स्वतंत्रता मिलने तक इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

इस बीच, बलूचिस्तान के चागाई जिले में गुरुवार तड़के हथियारबंद लोगों ने यक्मच पुलिस थाने पर कब्जा कर लिया और विस्फोटकों से इमारत को उड़ा दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने पहले थाने पर नियंत्रण किया, फिर वहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखकर विस्फोट कर दिया। इससे इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हमलावरों ने यक्मच बाजार में लगे कई सुरक्षा कैमरों पर भी गोलीबारी की, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, इन हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। यह हमला यक्मच और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में हुई घटनाओं की पृष्ठभूमि में हुआ है। पांच अक्टूबर को हथियारबंद लड़ाकों ने क्वेटा-तफ्तान राजमार्ग को अवरुद्ध करने के बाद राष्ट्रीय डेटाबेस एवं पंजीकरण प्राधिकरण (नाड्रा) के एक कार्यालय में आग लगा दी थी। बाद में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

इस सप्ताह की शुरुआत में बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने भी बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में पिछले छह दिनों के दौरान 16 हमले करने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। संगठन के अनुसार, इन हमलों में दर्जनों पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए।

बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने सोमवार को जारी बयान में दावा किया कि संगठन ने सात से 12 अक्टूबर के बीच कई अभियान चलाए। इनमें सैन्य काफिलों को निशाना बनाना, तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों (आईईडी) का इस्तेमाल, स्नाइपर हमले, राजमार्गों की नाकाबंदी और पाकिस्तानी सेना के लिए काम करने का आरोप लगाए गए लोगों पर हमले शामिल थे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags