Samachar Nama
×

बालाजी मुरुगादॉस के घर छापेमारी पर पुलिस का जवाब, अभिनेता ने कहा- 'सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में खोलेगी पुलिस की पोल'

बालाजी मुरुगादॉस के घर छापेमारी पर पुलिस का जवाब, अभिनेता ने कहा- 'सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में खोलेगी पुलिस की पोल'
बालाजी मुरुगादॉस के घर छापेमारी पर पुलिस का जवाब, अभिनेता ने कहा- 'सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में खोलेगी पुलिस की पोल'

चेन्नई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। तमिल अभिनेता बालाजी मुरुगादॉस के घर हुई छापेमारी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अभिनेता ने दावा किया था कि नारकोटिक्स विभाग के 15 पुलिसकर्मियों ने उनके घर की तलाशी ली थी। अब तमिलनाडु पुलिस ने उनके इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि तलाशी अभियान में केवल एक इंस्पेक्टर और तीन पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई थी। वहीं, अभिनेता ने पुलिस के इस बयान को झूठा बताते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में सच्चाई सामने ला देगा।

दरअसल, सोमवार को बालाजी मुरुगादॉस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें कुछ अधिकारी उनके घर पहुंचकर तलाशी लेते नजर आए। अभिनेता ने वीडियो में अधिकारियों से सवाल किया था कि आखिर किस आधार पर उनके घर की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा था कि वह पूरी तरह क्लीन हैं और उन्हें किसी तरह की जांच से डर नहीं है।

अभिनेता ने अपने एक्स अकाउंट पर अधिकारियों के साथ हुई बातचीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, ''पिछली रात नारकोटिक्स विभाग के 15 पुलिसकर्मी मेरे घर आए थे।''

इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा, ''मैं सिर्फ यह जानना चाहता हूं कि शिकायत किसने और किस वजह से की। मैंने उनसे कई बार पूछा, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। मैं ब्लड टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हूं, लेकिन आपके पुलिस विभाग को शर्म आनी चाहिए।''

बालाजी ने आगे लिखा था, ''15 पुलिसकर्मी मेरे घर आए और उन्हें वहां सिर्फ तीन बिल्लियां और एक कुत्ता मिला। लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि वे किस आधार पर मेरे घर आए थे। चूंकि मैं बिल्कुल क्लीन हूं, इसलिए मैंने उन्हें खुद घर के अंदर आने दिया। लेकिन मैं पुलिस की इस कार्रवाई का जवाब चाहता हूं।''

अभिनेता के इन आरोपों पर अवाडी पुलिस कमिश्नरेट ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा। पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि ड्रग्स से जुड़ी सूचना मिलने के बाद तिरुवेरकाडु स्थित प्रेस्टीज विंडसर पार्क अपार्टमेंट के एक परिसर में तलाशी ली गई थी। इस दौरान कानून के तहत जरूरी एंट्री भी की गई थी।

पुलिस ने अपने बयान में आगे कहा कि तलाशी अभियान में एक इंस्पेक्टर और तीन पुलिसकर्मी शामिल थे। तलाशी के दौरान घर में मौजूद लोगों के साथ शालीनता से व्यवहार किया गया। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही की गई थी।

हालांकि, पुलिस के इस बयान से बालाजी मुरुगादॉस ने मंगलवार को जवाब देते हुए एक बार फिर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, ''मैं सचमुच हैरान हूं। उनके खुले झूठ से नहीं, बल्कि इस बात से कि उन्होंने सभी मीडिया संस्थानों को टैग किया है। सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में चिल्ला-चिल्लाकर कहेगा कि आपको शर्म आनी चाहिए।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story