Samachar Nama
×

बहरीन में ईरानी हमले में दो लोग घायल, पाकिस्तानी नागर‍िक की हालत गंभीर

बहरीन में ईरानी हमले में दो लोग घायल, पाकिस्तानी नागरिक की हालत गंभीर
बहरीन में ईरानी हमले में दो लोग घायल, पाकिस्तानी नागर‍िक की हालत गंभीर

मनामा, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बहरीन ने रविवार को बताया कि एक दिन पहले हुए ईरानी हमलों में एक बहरीनी नागरिक और एक पाकिस्तानी निवासी घायल हो गए।

बहरीन के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर जानकारी दी कि बहरीनी नागरिक की हालत स्थिर है, जबकि पाकिस्तानी निवासी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को मंत्रालय ने कहा था कि एक नागरिक औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, घटना में संपत्ति को नुकसान पहुंचा, लेकिन उस समय किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली थी।

बाद में उसी दिन बहरीन डिफेंस फोर्स ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को रोकने की कार्रवाई की। हमलों को रोकने के दौरान गिरे मलबे से कुछ स्थानों पर मामूली नुकसान हुआ।

रविवार को बहरीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान के लगातार हवाई हमलों की निंदा की। मंत्रालय ने ईरान से दूसरे देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के कथित उल्लंघन को बंद करने की अपील की।

वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने शनिवार रात दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई के तहत बहरीन में स्थित दो एयरबेस पर अमेरिकी रडार प्रणालियों को मिसाइल और ड्रोन हमलों से निशाना बनाया।

आईआरजीसी ने अपने आधिकारिक समाचार माध्यम 'सेपाह न्यूज' में जारी बयान में कहा कि यह 'हाइब्रिड ऑफेंसिव' अभियान ईरान के हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और उसके खिलाफ जारी आक्रामक गतिविधियों के जवाब में चलाया गया।

बयान के अनुसार, बहरीन के अल-रिफा और अवाली साखिर एयरबेस को निशाना बनाया गया। आईआरजीसी ने दावा किया कि इन ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी सेना की 'पैट्रियट एयर डिफेंस प्रणाली' के दो रडार हमले में प्रभावित हुए।

आईआरजीसी ने कहा कि इससे पहले दिन में अमेरिकी सेना के एमक्‍यू-1 प्रीडेटर और एमक्‍यू-9 रीपर ड्रोन ईरान के हवाई क्षेत्र में घुसे थे।

आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि देश का हवाई क्षेत्र उनके लिए 'रेड लाइन' है और किसी भी देश या सैन्य ताकत द्वारा इसका उल्लंघन किए जाने पर कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और कई देशों की नजरें पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर टिकी हुई हैं।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags