Samachar Nama
×

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में पार्टनर स्टेट बनेगा असम, निवेश सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में पार्टनर स्टेट बनेगा असम, निवेश सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में पार्टनर स्टेट बनेगा असम, निवेश सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

गांधीनगर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। असम अगले साल जनवरी में गांधीनगर में होने वाले 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027' में एक 'पार्टनर स्टेट' (साझेदार राज्य) के रूप में हिस्सा लेगा। गुजरात का मकसद दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग और निवेश संबंधों को मजबूत करना है।

गुजरात के जनजातीय विकास, खादी, कुटीर और ग्रामीण उद्योग मंत्री नरेश पटेल ने बुधवार को हुई बैठक के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को इस समिट में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

गांधीनगर के महात्मा मंदिर में 10 से 12 जनवरी तक होने वाले इस समिट में असम को 'पार्टनर स्टेट' बनाने का फैसला, राज्य को एक ऐसा मंच देगा जहां वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपने उद्योगों और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित कर सकेगा।

बैठक के दौरान गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने असम के नेतृत्व को तेल और गैस क्षेत्र में अपने राज्य की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा, दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग, आपसी निवेश के मौकों और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

गुजरात एनर्जी लिमिटेड की प्रबंध निदेशक अवंतिका सिंह भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं और उन्होंने असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अलग बैठक भी की।

एक 'पार्टनर स्टेट' के रूप में, असम इस समिट का इस्तेमाल नए व्यावसायिक साझेदारियों और निवेश के अवसरों को तलाशने के लिए करेगा। साथ ही, वह वहां मौजूद निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के सामने अपनी औद्योगिक क्षमता को भी पेश करेगा।

बैठक में व्यापार, वाणिज्य, औद्योगिक विकास और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर भी विचार किया गया। बाद में मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर लिखा, "आज लोक सेवा भवन में गुजरात सरकार के मंत्री नरेश पटेल के साथ मेरी बहुत अच्छी मुलाकात हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की ओर से मुझे 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027' में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस स्नेहपूर्ण निमंत्रण के लिए मैं उनका तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।"

'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' का यह 11वां संस्करण होगा, जिसमें दुनिया भर के निवेशक, उद्योगपति, नीति-निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि एक साथ जुटेंगे। इस मंच का उद्देश्य निवेश, औद्योगिक विकास, नवाचार (इनोवेशन) और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story