असम: बांग्लादेश सीमा के पास कुशियारा नदी से लापता बीएसएफ जवान का शव बरामद
गुवाहाटी, 25 नवंबर (आईएएनएस)। असम के श्रीभूमि जिले में बांग्लादेश सीमा के नजदीक कुशियारा नदी से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के लापता सैनिक के. बेनू का शव बरामद हुआ है। बेनू रविवार रात असम के कछार जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध मवेशी तस्करों के एक गिरोह का पीछा करते हुए बराक नदी में कूदने के बाद लापता हो गए थे।
बीएसएफ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) ने जवान का शव मिलने की पुष्टि की। साथ ही, उन्होंन पहले की उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि बेनू को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों ने जिंदा बचा लिया था और बांग्लादेश ले गए थे। डीआईजी ने साफ किया कि कांस्टेबल के जिंदा मिलने की खबरें गलत थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, बेनू और हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव कटिगोरा इलाके में हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात थे। उन्होंने चार से पांच संदिग्ध मवेशी तस्करों को बॉर्डर के पास घूमते देखा। बीएसएफ के जवानों को देखते ही संदिग्ध तस्कर गिरफ्तारी से बचने के लिए नदी में कूद गए। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मी उनका पीछा करने के लिए नदी में उतरे।
जितेंद्र यादव तैरकर सुरक्षित नदी के किनारे वापस आ गए लेकिन बेनू तेज बहाव में फंस गए और बह गए। सोमवार सुबह बीएसएफ कंपनी कमांडर ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
लापता कांस्टेबल का पता लगाने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), रिवर पुलिस और दूसरी एजेंसियों के कर्मियों को लगाया गया।
सर्च टीमें सोमवार से ही नदी के किनारे ऑपरेशन कर रही थीं। कई बचाव एजेंसियों के बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को श्रीभूमि जिले में स्टीमर घाट के पास नदी में तैरता हुआ शव देखा गया, जिसे बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त सैनिक के. बेनू के रूप में हुई।
--आईएएनएस
डीसीएच/पीएम

