Samachar Nama
×

असम में बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है: सीएम सरमा

गुवाहाटी, 5 मार्च (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार दीर्घकालिक आर्थिक विकास और समग्र प्रगति की मजबूत नींव रखने के लिए बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है।
असम में बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है: सीएम सरमा

गुवाहाटी, 5 मार्च (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार दीर्घकालिक आर्थिक विकास और समग्र प्रगति की मजबूत नींव रखने के लिए बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि सरकार ऐसे टिकाऊ सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण पर ध्यान दे रही है, जिनसे आने वाले कई दशकों तक असम को लाभ मिलेगा।

उन्होंने लिखा, “आज मजबूत परिसंपत्तियों का निर्माण, बेहतर कल के लिए। असम में हम बड़ी मात्रा में धनराशि बुनियादी ढांचे के निर्माण में निवेश कर रहे हैं, जो आने वाले दशकों तक राज्य की सेवा करेगी।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 के वित्तीय वर्ष में ही राज्य में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के विकास के लिए 26,409 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

सरमा के अनुसार, यह निवेश सरकार की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत असम की कनेक्टिविटी, औद्योगिक क्षमता और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करते हुए राज्य की अर्थव्यवस्था में तेज बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्यान सड़क नेटवर्क के विस्तार, पुलों और परिवहन ढांचे को बेहतर बनाने, शहरी सुविधाओं के उन्नयन और लॉजिस्टिक्स प्रणाली को मजबूत करने पर है।

हाल के वर्षों में बुनियादी ढांचा विकास असम सरकार की नीति का प्रमुख स्तंभ बनकर उभरा है। राज्य में कनेक्टिविटी सुधारने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

इनमें नए राजमार्गों का निर्माण, ब्रह्मपुत्र नदी और बाराक नदी पर पुलों का निर्माण, हवाई अड्डों का विस्तार, रेलवे ढांचे का उन्नयन और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने की परियोजनाएं शामिल हैं।

सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे को भी प्राथमिकता दी है, जिसमें कई शहरों में जलापूर्ति, ड्रेनेज सिस्टम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी पहलें शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा निवेश से रोजगार के अवसर पैदा होंगे, लोगों और माल की आवाजाही आसान होगी तथा उद्योगों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही यह निवेश भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत असम को दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के रूप में मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री सरमा ने दोहराया कि राज्य सरकार आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे असम के दीर्घकालिक विकास को गति मिलेगी और समाज के सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंच सकेगा।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags