Samachar Nama
×

पीएम मोदी के जन्मदिन पर असम में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, हजारों लोगों ने दीं शुभकामनाएं

पीएम मोदी के जन्मदिन पर असम में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, हजारों लोगों ने दीं शुभकामनाएं
पीएम मोदी के जन्मदिन पर असम में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, हजारों लोगों ने दीं शुभकामनाएं

गुवाहाटी, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर असम में गुरुवार को राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर इन आयोजनों की झलकियां साझा करते हुए बताया कि राज्य के शहरों और गांवों में लोगों ने 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि असम के लोग एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त करने के लिए आगे आए।

उन्होंने कहा, "आज असम के लोगों ने राज्य के शहरों और गांवों में एकजुट होकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और अपने प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।"

मुख्यमंत्री ने ढेकियाजुली, जागीरोड, नलबाड़ी और गोहपुर में आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल दिखाई दिए।

इसके अलावा, उन्होंने मोरीगांव, राहा, दुलियाजान और डूमडूमा से भी कार्यक्रमों की झलकियां साझा करते हुए कहा कि ये तस्वीरें प्रधानमंत्री मोदी के प्रति असम के लोगों के प्रेम और सम्मान को दर्शाती हैं।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "ये तस्वीरें असम के लोगों द्वारा पीएम मोदी के प्रति व्यक्त किए गए स्नेह और आशीर्वाद को दर्शाती हैं।"

मुख्यमंत्री ने बाद में बोकाखाट, तिंगखांग, गोलाघाट और माजुली से भी कार्यक्रमों की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि राज्यभर में उत्सव का माहौल बना रहा और हजारों लोग शाम के कार्यक्रमों में शामिल हुए।

उन्होंने कहा, "उत्साह और उमंग का यह सिलसिला लगातार जारी रहा। बोकाखाट, तिंगखांग, गोलाघाट और माजुली से भी ऐसी कई झलकियां सामने आई हैं, जहां हजारों लोग इस आयोजन में शामिल हुए।"

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में राज्य के कई जिलों में लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन आयोजनों का दायरा ऊपरी असम, मध्य असम और राज्य के अन्य क्षेत्रों तक फैला रहा।

'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद व्यक्त किए। इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जन्मदिन को जनभागीदारी के साथ मनाना था।

मुख्यमंत्री द्वारा साझा की गई तस्वीरों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि असम के विभिन्न हिस्सों में इस अवसर पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story