Samachar Nama
×

असम की महिलाओं को दुर्गा पूजा का तोहफा, अगले महीने 'ओरुनोदोई' योजना के तहत मिलेंगे 1,500 रुपए

असम की महिलाओं को दुर्गा पूजा का तोहफा, अगले महीने 'ओरुनोदोई' योजना के तहत मिलेंगे 1,500 रुपए
असम की महिलाओं को दुर्गा पूजा का तोहफा, अगले महीने 'ओरुनोदोई' योजना के तहत मिलेंगे 1,500 रुपए

गुवाहाटी, 25 सितंबर (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजना 'ओरुनोदोई' के लाभार्थियों को अक्टूबर महीने के लिए 1,500 रुपए की बढ़ी हुई वित्तीय सहायता मिलेगी। उन्होंने इस वृद्धि को दुर्गा पूजा से पहले महिलाओं के लिए एक खास तोहफा बताया।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अक्टूबर में 'ओरुनोदोई' की राशि बढ़ाकर 1,500 रुपए की जाएगी। यह अतिरिक्त सहायता हमारे परिवारों की खुशियों और त्योहारी तैयारियों में सहभागी बनने का एक प्रयास है।"

मुख्यमंत्री सरमा ने अपने पोस्ट में कहा, "दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर असम की नारी शक्ति के लिए एक विशेष उपहार है।" उन्होंने यह भी कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।

ओरुनोदोई योजना असम के प्रमुख सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों में से एक है, जो महिलाओं को घरेलू खर्चों में सहायता करने और वित्तीय सुरक्षा में सुधार करने के लिए मासिक वित्तीय सहायता देती है। योजना के तहत असम में महिलाओं को मासिक 1,250 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाती है। सरकार ने इसमें 250 रुपए का इजाफा किया है। यह बढ़ी हुई राशि सरकार के त्योहारी उपायों के तहत विशेष रूप से अक्टूबर माह के लिए लागू होगी।

गुवाहाटी के लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई असम कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय पारित किया गया। इस फैसले से राज्य भर में लगभग 40 लाख 'ओरुनोदोई' लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।

कैबिनेट ने दुर्गा पूजा से पहले अन्य फैसलों की भी घोषणा की, जिसमें असम टी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एटीसीएल) के पात्र कर्मचारियों और चाय बागान श्रमिकों के लिए 20 प्रतिशत पूजा बोनस शामिल है। एक अन्य फैसले में, असम सरकार के कर्मचारियों के लिए 17 अक्टूबर को अतिरिक्त अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश दुर्गा पूजा के मद्देनजर घोषित किया गया है, क्योंकि 18 अक्टूबर रविवार को पड़ रहा है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story