Samachar Nama
×

असम : सीएम ने बाढ़ प्रभावितों के लिए किया 160 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान

असम : सीएम ने बाढ़ प्रभावितों के लिए किया 160 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान
असम : सीएम ने बाढ़ प्रभावितों के लिए किया 160 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान

गुवाहाटी, 3 अगस्त (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को बाढ़ प्रभावितों के लिए 160 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया। राज्यभर में बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक बाढ़ प्रभावित व्यक्ति के खाते में 15 हजार रुपये की अंतरिम राशि ट्रांसफर की गई है। राज्य में 75 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

यह राशि बाढ़ प्रभावितों के खाते में डॉयरेक्ट बैनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पहुंचाई गई है। राज्य सरकार की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि लाभार्थियों को सहायता राशि पहुंचने में किसी भी प्रकार का विलंब नहीं हो।

मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि इस आर्थिक सहायता को देने का हमारा मुख्य मकसद बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना है, ताकि उनकी जिंदगी दोबारा से पटरी पर आ सके। वहीं, सरकार की ओर से इसका भी मूल्यांकन किया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को कितना नुकसान हुआ है, ताकि उनके लिए मुआवजे की राशि भी तय की जा सके।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर बताया, “आज सुबह मैंने राज्य के चार जिलों में बाढ़ प्रभावित 75 हजार परिवारजनों के प्रत्येक खाते में 15 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की है। साथ ही, इसमें 'पीएम सूर्य घर योजना' की राशि भी उन लोगों को पहुंचाई गई है, जो इसके लिए पात्र थे।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की यह प्राथमिकता है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तुरंत कैश में सहायता राशि मिले, ताकि वो अपनी जरूरतों की तत्काल पूर्ति कर सके।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, हमारी यही प्राथमिकता है कि प्रभावितों को तत्काल सहायता मिले, ताकि उनकी जिंदगी दोबारा से पटरी पर आ सके। वहीं, मुआवजा की अंतिम राशि व्यापक मूल्याकंन के बाद ही तय हो पाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि आगामी दिनों में 10 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित लोगों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिसमें प्रमुख रूप से शिवसागर और चराइदेव के जिलों के लोग शामिल हैं। यह दोनों जिले बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम अपने उन परिवारजनों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़े हैं, जिन्होंने इन मुश्किल हालातों का सामना किया है।”

बता दें कि असम के कई जिलों में बाढ़ से हालात सुधरे हैं। लेकिन, संकट अभी-भी बरकरार है। मृतकों की संख्या पहुंचकर 85 हो गई है, जबकि 1.36 लाख लोग अभी-भी पूरे राज्य में बाढ़ से प्रभावित हैं।

राज्य के 160 गांव बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं, जबकि हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए या जलमग्न हो गए हैं।

राज्य सरकार आपदा एजेंसियों के साथ मिलकर के राहत बचाव और पुनर्वास के कार्य में जुटी है। इसके अलावा, बाढ़ से प्रभावित जिलों में क्षतिग्रस्त संपत्तियों का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएचके/एएस

Share this story

Tags