पूर्वोत्तर का बड़ा लॉजिस्टिक्स हब बन रहा असम : हिमंता बिस्वा सरमा
गुवाहाटी, 12 जून (आईएएनएस)। असम तेजी से पूर्वोत्तर भारत के एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ कार्गो क्षेत्र में प्रगति देखने को मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान गुवाहाटी स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्गो हैंडलिंग में साल-दर-साल 15.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह असम के बढ़ते आर्थिक सामर्थ्य और क्षेत्रीय व्यापार केंद्र के रूप में उसकी मजबूत होती स्थिति का संकेत है।
हिमंता बिस्वा सरमा के अनुसार, वर्ष 2024-25 में गुवाहाटी एयरपोर्ट पर 29,155 मीट्रिक टन कार्गो का संचालन हुआ था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 33,555.99 मीट्रिक टन पहुंच गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्गो यातायात में यह बढ़ोतरी असम की आर्थिक गतिविधियों के विस्तार और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों से बढ़ते जुड़ाव का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस गति को बनाए रखते हुए लॉजिस्टिक्स और कार्गो क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
सड़क, रेल, अंतर्देशीय जलमार्ग और हवाई संपर्क को बेहतर बनाने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही परिवहन ढांचे, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और निर्यात को बढ़ावा देने वाली योजनाओं में निवेश किया जा रहा है।
उद्योग जगत के जानकारों का मानना है कि गुवाहाटी एयरपोर्ट पर बढ़ता कार्गो ट्रैफिक व्यापारिक विश्वास में वृद्धि, कृषि और औद्योगिक उत्पादों की बढ़ती आवाजाही तथा भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के तहत दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रवेश द्वार के रूप में असम की बढ़ती अहमियत को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने, विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए बुनियादी ढांचे पर आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ा रही है। मजबूत कार्गो क्षमता असम को क्षेत्र के प्रमुख व्यापार और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/

