Samachar Nama
×

दक्षिण कोरिया में ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा; 8 महीने में गिरफ्तारी 33 प्रतिशत बढ़ी, 174 तस्कर पकड़े

दक्षिण कोरिया में ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा; 8 महीने में गिरफ्तारी 33 प्रतिशत बढ़ी, 174 तस्कर पकड़े
दक्षिण कोरिया में ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा; 8 महीने में गिरफ्तारी 33 प्रतिशत बढ़ी, 174 तस्कर पकड़े

सोल, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया में ड्रग्स की तस्करी और उसे बनाने के आरोप में गिरफ्तार लोगों की संख्या इस साल के पहले आठ महीनों में पिछले साल की तुलना में 30 प्रत‍िशत से ज्‍यादा बढ़ गई है।

कोरियन नेशनल पुलिस एजेंसी के तहत आने वाले नेशनल ऑफिस ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एनओआई) ने बताया कि जनवरी से अगस्त के बीच ड्रग्स बनाने और उनकी तस्करी के आरोप में 174 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 130 थी। यानी इस साल इसमें 33.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

योनहाप न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ड्रग्स बेचने के आरोप में गिरफ्तार लोगों की संख्या भी पिछले साल के मुकाबले 6.6 प्रतिशत बढ़कर 3,396 हो गई।

इस दौरान ड्रग्स से जुड़े अलग-अलग अपराधों में कुल 9,530 लोगों को पकड़ा गया, जो पिछले साल के मुकाबले 5.3 प्रतिशत ज्यादा है। इनमें मेडिकल ड्रग्स से जुड़े मामलों में 706 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 11.9 प्रतिशत ज्यादा है।

पुलिस ने इस साल खास तौर पर ड्रग्स की सप्लाई के स्रोतों और उनके डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को तोड़ने पर अपना ध्यान लगाया है।

एक बड़े मामले में पुलिस कुख्यात ड्रग तस्कर पार्क वांग-योल को फिलीपींस से वापस दक्षिण कोरिया लेकर आई और गिरफ्तार किया। पार्क फिलीपींस में तीन दक्षिण कोरियाई नागरिकों की हत्या के शक में जेल में बंद था। उस पर दक्षिण कोरिया में खरीदारों तक ड्रग्स पहुंचाने का भी शक है।

पुलिस ने पार्क से जुड़े करीब 6.3 अरब वॉन (लगभग 46.9 लाख अमेरिकी डॉलर) के ड्रग्स का पता लगाया। इनमें 12.7 किलोग्राम मेथामफेटामाइन भी शामिल था। इसके अलावा उससे जुड़े अपराध से कमाए गए करीब 8.63 अरब वॉन का भी पता चला।

इसके बाद दक्षिण कोरियाई पुलिस ने थाईलैंड के अधिकारियों के साथ मिलकर पार्क के लिए ड्रग्स सप्लाई करने वाले अहम आरोपी चोई ब्योंग-मिन को गिरफ्तार किया और उसे दक्षिण कोरिया वापस लाया गया।

जांच के दौरान उससे जुड़े 41 और अपराधों का पता चला। अधिकारियों ने करीब 6 अरब वॉन की अवैध कमाई की भी पहचान की, जिसे आरोप तय होने से पहले ही जब्त कर लिया गया।

नेशनल ऑफिस ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने कहा कि आगे वह संबंधित एजेंसियों और दूसरे देशों के अधिकारियों के साथ सहयोग और मजबूत करेगा। इसी कोशिश के तहत पुलिस एजेंसी अगले महीने ड्रग्स के मुद्दे पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगी और दूसरे देशों के साथ सहयोग का दायरा बढ़ाएगी।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags