कुवैत ने ईरान पर घुसपैठ करने की कोशिश का लगाया आरोप, बुबियान द्वीप पर आईआरजीसी से जुड़े चार सदस्य पकड़े
कुवैत, 12 मई (आईएएनएस)। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कुवैत की सशस्त्र सेना ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
मंत्रालय ने बताया कि ये लोग कुवैत के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े थे और वे कुवैत के बुबियान आईलैंड में घुसपैठ कर रहे थे, ताकि देश के खिलाफ कुछ नुकसानदायक या शत्रुतापूर्ण कार्रवाई कर सकें।
कुवैत के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि चार घुसपैठियों को पकड़ा गया, जो समुद्र के रास्ते देश में आने की कोशिश कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि वे ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उन्हें एक मछली पकड़ने वाली नाव से बुबियान द्वीप में घुसने और कुवैत के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्य दिया गया था। मुठभेड़ के दौरान कुवैत की सेना का एक जवान घायल हो गया, और दो घुसपैठिए भाग निकले।
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि ईरान से जुड़े इस सशस्त्र समूह ने कुवैत की संप्रभुता का उल्लंघन किया है।
मंत्रालय ने ईरान से मांग की कि वह तुरंत और बिना शर्त ऐसे अवैध और शत्रुतापूर्ण कार्यों को रोके, जो क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को खतरे में डालते हैं।
कुवैत ने कहा कि वह अच्छे पड़ोसी संबंधों के सिद्धांतों का सम्मान करता है और अपनी जमीन या हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ हमले के लिए नहीं होने देगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये कार्य अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का गंभीर उल्लंघन हैं, और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का भी उल्लंघन करते हैं।
कुवैत ने यह स्पष्ट किया कि ईरान इन सभी कार्यों की पूरी जिम्मेदारी लेता है, और कुवैत को अपने देश, लोगों और निवासियों की रक्षा करने का पूरा अधिकार है, जिसमें आत्मरक्षा का अधिकार भी शामिल है, जैसा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत दिया गया है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

