Samachar Nama
×

जैसलमेर में ऊंट से टक्कर के बाद कार सवार मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

जैसलमेर में ऊंट से टक्कर के बाद कार सवार मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल
जैसलमेर में ऊंट से टक्कर के बाद कार सवार मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

जयपुर, 31 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के जैसलमेर जिले में थैयात आर्मी इलाके के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मेजर की मौत हो गई और दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जैसलमेर शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब सेना की गाड़ी अचानक सड़क पर आए एक ऊंट से टकरा गई।

पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद गाड़ी चार-पांच बार पलटी और फिर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। मृतक अधिकारी की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले मेजर हमजा आरिफ के तौर पर हुई है, जिनकी शादी सिर्फ एक महीने पहले ही हुई थी।

सदर पुलिस स्टेशन के एएसआई जगदीश चरण के अनुसार, मेजर हमजा आरिफ अपने दो साथी अधिकारियों के साथ ड्यूटी पूरी करके आर्मी स्टेशन लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद तीनों अधिकारियों को थैयात स्थित आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेजर हमजा को मृत घोषित कर दिया।

घायल अफसरों की पहचान लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर के तौर पर हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और वे आर्मी हॉस्पिटल में मेडिकल देखरेख में हैं।

पुलिस ने बताया कि टक्कर में शामिल ऊंट की भी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बचाव दल व सेना के जवान तुरंत दुर्घटना वाली जगह पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने इस दुर्घटना की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान में रक्षा विभाग के पीआरओ, लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने कहा कि उन्हें अभी दुर्घटना की पूरी जानकारी नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर पूरी बात बताई जाएगी।

अधिकारी दुर्घटना की वजहों की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि ऊंट सड़क पर कैसे आया और घटना से जुड़ी अन्य बातें क्या थीं।

बता दें कि थैयार आर्मी इलाका जैसलमेर शहर के केंद्र से लगभग 12 से 13.5 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह इलाका पर्यटकों को जैसलमेर वॉर म्यूजियम की ओर आकर्षित करता है, जिसमें दो बड़े डिस्प्ले हॉल हैं। इन हॉल में पाकिस्तान से कब्जे में लिए गए टैंक, बंदूकें, सैन्य वाहन और 1971 की लोंगेवाला की लड़ाई में इस्तेमाल हुआ असली हॉकर हंटर विमान रखा गया है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags