Samachar Nama
×

पंजाब में हथियारों की तस्करी का नेटवर्क पकड़ा गया, 10 आधुनिक पिस्तौलें बरामद

पंजाब में हथियारों की तस्करी का नेटवर्क पकड़ा गया, 10 आधुनिक पिस्तौलें बरामद
पंजाब में हथियारों की तस्करी का नेटवर्क पकड़ा गया, 10 आधुनिक पिस्तौलें बरामद

चंडीगढ़, 23 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने हथियारों की तस्करी करने वाले एक गैर-कानूनी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 10 आधुनिक पिस्तौलें, मैगजीन और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गुरप्रीत सिंह और उसी नाम के एक अन्य व्यक्ति के तौर पर हुई है। दोनों तरनतारन के हवेलीयन गांव के रहने वाले हैं। बरामद हथियारों में नौ 9एमएम पिस्तौलें और एक .30 बोर की पिस्तौल शामिल है। हथियारों के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे हथियारों की खेप लाने-ले जाने के लिए करते थे।

डीजीपी यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे और पंजाब में अन्य लोगों को सप्लाई करने के लिए सीमा पार से हथियारों की गैर-कानूनी खेप मंगा रहे थे।

ऑपरेशन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों को सूचना मिली थी कि दो संदिग्धों ने विदेश में बैठे अपने हैंडलर के कहने पर भारत-पाकिस्तान सीमा की बाड़ के पास हवेलीयन गांव के इलाके में ड्रोन के जरिए हथियारों की बड़ी खेप हासिल की थी। उन्हें यह हथियारों और कारतूसों की खेप किसी और पार्टी को पहुंचानी थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अमृतसर-अटारी रोड पर खासा गांव के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनके पास से मैगजीन और कारतूस के साथ 10 आधुनिक पिस्तौलें बरामद कीं।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के सभी कनेक्शन का पता लगाने, दूसरे साथियों की पहचान करने और सीमा पार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच चल रही है। इस संबंध में, 22 अगस्त को अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 25 (1) (ए) और 25 (8) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags