Samachar Nama
×

राष्ट्रपति ट्रंप के कैलिफोर्निया दौरे से कुछ घंटे पहले ट्रंप गोल्फ क्लब के पास हथियारबंद व्यक्ति गिरफ्तार

राष्ट्रपति ट्रंप के कैलिफोर्निया दौरे से कुछ घंटे पहले ट्रंप गोल्फ क्लब के पास हथियारबंद व्यक्ति गिरफ्तार
राष्ट्रपति ट्रंप के कैलिफोर्निया दौरे से कुछ घंटे पहले ट्रंप गोल्फ क्लब के पास हथियारबंद व्यक्ति गिरफ्तार

लॉस एंजिल्स, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया के रांचो पालोस वर्डेस स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के चंदा कार्यक्रम में शामिल होने से कुछ घंटे पहले अधिकारियों ने एक सशस्त्र व्यक्ति की गिरफ्तारी की घोषणा की। यह व्यक्ति सप्ताहांत में क्लब परिसर में पाया गया था। संघीय जांच एजेंसियां अभी यह पता लगा रही हैं कि क्या उसने राष्ट्रपति के लिए खतरा पैदा किया था।

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि फेडरल एजेंटों की ओर से गोल्फ कोर्स में एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी मंगलवार (अमेरिकी समय) को उस समय सार्वजनिक की गई, जब ट्रंप को उसी जगह पर फंड रेजिंग डिनर में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होना था।

संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया के डाउनी के रहने वाले 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के तौर पर हुई। अधिकारियों ने बताया कि जब डेप्युटी ने उसे हिरासत में लिया, तो उसके पास छिपाकर रखी गई बंदूक और प्रतिबंधित गोला-बारूद था।

शेरिफ विभाग के अनुसार, टैले को गोल्फ क्लब के मैदान में तस्वीरें लेते और वीडियो रिकॉर्ड करते देखा गया था। जांचकर्ताओं का कहना है कि ऐसा लग रहा था कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे से पहले उस जगह पर "सुरक्षा-योजना गतिविधियों" पर नजर रख रहा था।

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस इस बात की जांच कर रही है कि क्या संदिग्ध से राष्ट्रपति ट्रंप को कोई खतरा था।

सीएनएन के अनुसार, जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह घटना राष्ट्रपति के लिए किसी संभावित खतरे से जुड़ी थी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अभी ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि संदिग्ध सक्रिय रूप से हमले की योजना बना रहा था, साथ ही यह भी कहा गया कि जांच अभी जारी है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि टेले के खिलाफ एल सेगुंडो पुलिस डिपार्टमेंट एक अलग डकैती के मामले में जांच कर रहा है। उस जांच के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है।

जब शेरिफ विभाग ने गिरफ्तारी की घोषणा की, तब राष्ट्रपति ट्रंप 'एयरफोर्स वन' से कैलिफोर्निया जा रहे थे। इस घटना के बावजूद, मंगलवार शाम को उनके रैंचो पालोस वर्देस गोल्फ़ कोर्स में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के डिनर में शामिल होने का उनका कार्यक्रम तय रहा।

यह सुरक्षा संबंधी चिंता ऐसे समय में सामने आई है, जब सुरक्षा एजेंसियां ​​राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के आस-पास कड़ी सुरक्षा बनाए हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरों से पहले फ़ेडरल, राज्य और स्थानीय अधिकारी आम तौर पर व्यापक सुरक्षा इंतजामों के लिए तालमेल स्थापित करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों वाली जगहों के आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जाता है।

सीक्रेट सर्विस और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के जांचकर्ता संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों, इरादों और सुरक्षा पर पड़ने वाले किसी भी संभावित असर की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि जब तक जांच चल रही है, तब तक वे किसी भी तरह के कयास लगाने से बचें।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story

Tags