Samachar Nama
×

लोकसभा में 30 नवंबर को परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल

लोकसभा में 30 नवंबर को परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल
लोकसभा में 30 नवंबर को परिसीमन विधेयक पेश करेंगे अर्जुन राम मेघवाल

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। यह जानकारी सांसदों को भेजी गई लोकसभा की कार्यसूची (लिस्ट ऑफ बिजनेस) में दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और उससे जुड़े परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई थी।

अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को सदन में एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें लोकसभा के नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने की मांग की जाएगी। इससे उस स्थिति में भी संबंधित विधेयक पर विचार और उसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, जब उसका आधार बनने वाला संविधान संशोधन विधेयक अभी लंबित हो।

लोकसभा का नियम 66 ऐसे प्रावधानों से जुड़ा है, जिनके तहत किसी दूसरे विधेयक पर निर्भर विधेयक को उस समय पेश किया जा सकता है जब मूल विधेयक सदन में विचाराधीन हो और उसके पारित होने की संभावना हो।

30 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लोकसभा में केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करेंगे।

यह विधेयक उन केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक के अनुरूप बनाने के लिए लाया जा रहा है, जहां निर्वाचित विधानसभा है। इनमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी शामिल हैं।

यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 334ए में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जो विधानमंडलों में महिलाओं के आरक्षण से संबंधित है।

प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकेगी। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। राज्य विधानसभाओं में कुल 650 अतिरिक्त सीटें जोड़ी जा सकती हैं।

सोमवार को पेश किए जाने वाले दोनों विधेयक उन पुराने विधेयकों को औपचारिक रूप से वापस लेने के बाद सदन में लाए जाएंगे, जिन्हें पहले लोकसभा से मंजूरी नहीं मिल पाई थी।

नए परिसीमन विधेयक के साथ दिए गए उद्देश्य और कारणों के विवरण में कहा गया है कि सीटों में समान वृद्धि का मकसद जनप्रतिनिधित्व बढ़ाना है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाएगा।

सरकार का कहना है कि प्रस्तावित कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाएगा।

परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में कानून लागू होने के बाद एक परिसीमन आयोग गठित करने का प्रस्ताव है। यह आयोग देशभर में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करेगा और सीटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story