'कौन तुझे यूं प्यार करेगा' को लेकर मनोज मुंतशिर का खुलासा, पहले अरिजीत सिंह ने गाया था ये मशहूर गाना
मुंबई, 1 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने फिल्म 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' के लोकप्रिय गीत 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा' को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह गाना शुरुआत में महिला की आवाज में नहीं, बल्कि पुरुष की आवाज में तैयार किया जा रहा था और इसे बनाने के पीछे कई बदलाव और लंबी चर्चाएं चलीं।
यह पूरा खुलासा उन्होंने अभिनेता और होस्ट राजीव खंडेलवाल के शो 'तुम हो ना' में बातचीत के दौरान किया। इसी बातचीत में उन्होंने बताया कि जब फिल्म की कहानी और संगीत पर काम चल रहा था, तब इस गाने पर भी चर्चा हुई थी। उस समय यह तय हुआ था कि इस गाने में सिंगर अरिजीत सिंह अपनी आवाज देंगे और म्यूजिक अमाल मलिक दे रहे थे। शुरुआत में यह एक आदमी के नजरिए से गाया जाने वाला गाना था, जिसमें इमोशन्स को एक अलग तरीके से दिखाने की प्लानिंग थी।
मनोज मुंतशिर ने बताया, ''फिल्म में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के किरदार को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत निभा रहे थे। जब गाना पुरुष की आवाज में तैयार हुआ, तो निर्देशक नीरज पांडे और निर्माता भूषण कुमार को लगा कि यह भाव धोनी के असली व्यक्तित्व से पूरी तरह मेल नहीं खा रहा है। धोनी स्वभाव से बहुत शांत इंसान हैं और वह अपने प्यार को इस तरह खुलकर व्यक्त करते हुए नहीं दिखते। इसलिए यह सवाल उठने लगा कि क्या यह गाना वास्तव में इस किरदार के लिए सही है या नहीं।''
उन्होंने कहा, ''इस पर काफी चर्चा हुई और टीम ने यह भी सोचा कि शायद इस गीत को बदलकर कुछ और लिखा जाए। लेकिन कई दिनों तक कोशिश करने के बावजूद कोई नया गाना उतना प्रभावशाली नहीं बन पाया। लगभग 10 से 15 दिनों तक इस विषय पर चर्चा चलती रही। इसके बाद निर्देशक नीरज पांडे ने एक नया सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अगर धोनी खुद अपने प्यार का इजहार इस तरह नहीं कर सकते, तो उनकी प्रेमिका की तरफ से यह भाव व्यक्त किया जा सकता है। इसी विचार के बाद यह तय हुआ कि गीत को महिला आवाज में रखा जाए।''
मनोज मुंतशिर ने बताया कि इस बदलाव के बाद पूरी टीम ने राहत की सांस ली। अगर यह गाना फिल्म से हटा दिया जाता, तो शायद दर्शक इतने खूबसूरत गीत से वंचित रह जाते। आज यह गीत फिल्म का सबसे यादगार हिस्सा माना जाता है और लोगों के दिलों में इसकी खास जगह है।
बातचीत के दौरान मनोज मुंतशिर ने इस गाने की शुरुआत से जुड़ी एक और बेहद निजी कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस गाने की पहली लाइन उन्हें उनके अपने घर के एक छोटे से पल से मिली थी। एक दिन उनके बेटे ने मासूमियत से कहा कि उसकी मां उससे ज्यादा प्यार करती हैं। बेटे की यह बात सुनकर मनोज ने तुरंत मजाक में कहा, 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा जैसे मैं करता हूं?'
उन्होंने कहा, ''जैसे ही यह शब्द मुंह से निकले, मुझे तुरंत समझ आ गया कि इसपर एक गाना बन सकता है। मैंने बिना देर किए इस लाइन को अपने मोबाइल में नोट कर लिया, ताकि बाद में इस पर काम किया जा सके।''
--आईएएनएस
पीके/एएस

