खाद और तेल संकट के बीच यूएन प्रमुख की चेतावनी, दोबारा लड़ाई के होंगे गंभीर नतीजे, शांति की अपील की
नैरोबी, 11 मई (आईएएनएस)। केन्या की राजधानी नैरोबी में सोमवार को संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के लिए एक कॉन्फ्रेंस सुविधा के शिलान्यास कार्यक्रम में बोलते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने अपील की कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला रहे और युद्धविराम बना रहे।
गुटेरेस ने कहा, “मैं जोर देकर अपील करता हूं कि बातचीत जारी रहे जब तक कोई कूटनीतिक समाधान नहीं निकल जाता, युद्धविराम बना रहे और इस बीच होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला रहे। अगर फिर से लड़ाई शुरू हुई तो उसके बहुत गंभीर नतीजे होंगे।”
उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व का यह संकट सिर्फ दूर बैठे लोगों की समस्या नहीं है, क्योंकि अफ्रीका के लगभग 13 प्रतिशत आयात इसी अहम समुद्री रास्ते से होकर गुजरते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कई अफ्रीकी देश अब भी खाड़ी क्षेत्र से खाद और खेती में इस्तेमाल होने वाली दूसरी जरूरी चीजों का इंतजार कर रहे हैं।
गुटेरेस ने कहा कि अगर खाद नहीं मिली, तो आप समझ सकते हैं कि अगले साल खाद्य सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।उन्होंने बताया कि यूरिया की कीमत पिछले एक महीने में 35 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ चुकी है। यूरिया दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली खाद है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के हित में होर्मुज स्ट्रेट का पूरी तरह खुला रहना बेहद जरूरी है।
गुटेरेस ने कहा कि इसी से ऊर्जा और खाद की कीमतें फिर से उस स्तर पर आ पाएंगी, जहां वे युद्ध से पहले थीं।
इससे पहले सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका के नए प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को सख्ती से खारिज कर दिया। उन्होंने तेहरान के रुख को 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताया।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैंने अभी ईरान के तथाकथित प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया पढ़ी है। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आईंं। पूरी तरह अस्वीकार्य! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”
ये बयान ऐसे समय आया जब कुछ ही घंटे पहले ईरान ने अमेरिका समर्थित शांति प्रस्ताव पर अपना जवाब भेजा था। इस प्रस्ताव का मकसद कई हफ्तों से चल रहे सैन्य तनाव और समुद्री बाधाओं के बाद क्षेत्र में स्थिरता लाना है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

