अनूप सोनी ने इरफान खान को किया याद, 1996 के शो 'तेरे मेरे सपने' की पुरानी यादों को किया ताजा
मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। अभिनेता और टीवी होस्ट अनूप सोनी ने शुक्रवार को दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर 1996 के लोकप्रिय टीवी शो 'तेरे मेरे सपने' का एक पुराना वीडियो पोस्ट किया और इरफान खान के साथ काम करने के अनुभव को अपनी जिंदगी की सबसे खास यादों में से एक बताया।
अनूप सोनी ने हैशटैग फ्लैशबैकफ्राइडे पोस्ट के तहत वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "कुछ यादें समय के साथ और भी ज्यादा कीमती हो जाती हैं। यह सीन टीवी शो 'तेरे मेरे सपने' का है, जिसे अशोक पंडित ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया था। मुझे इसमें इरफान खान के साथ स्क्रीन साझा करने का सौभाग्य मिला था। वे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) में मेरे सीनियर थे।"
उन्होंने लिखा, "एक कलाकार के तौर पर हम हर अच्छे को-एक्टर से कुछ न कुछ सीखते हैं। इरफान खान के साथ काम करना ऐसा ही अनुभव था, जो जिंदगी भर याद रहता है। आज इस दृश्य को देखकर मन में उनके लिए सम्मान और कृतज्ञता का भाव आता है।"
वीडियो में युवा अनूप सोनी और इरफान खान शो के एक गंभीर और प्रभावशाली दृश्य में नजर आ रहे हैं। यह धारावाहिक 1996 से 1997 के बीच प्रसारित हुआ था। इसमें इरफान खान और अनूप सोनी के अलावा अरुणा ईरानी और किरण जुनेजा भी अहम भूमिकाओं में थे। शो का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्मकार अशोक पंडित ने किया था।
इरफान खान भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में गिने जाते हैं। एनएसडी से पढ़ाई करने वाले इरफान ने 90 के दशक में कई टीवी धारावाहिकों से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। लंबे संघर्ष के बाद उन्हें वर्ष 2003 में विशाल भारद्वाज की फिल्म 'मकबूल' से बड़ी पहचान मिली।
इसके बाद उन्होंने हासिल, लाइफ इन ए मेट्रो, पान सिंह तोमर, द लंचबॉक्स, तलवार, हिंदी मीडियम, पिकू और अंग्रेजी मीडियम जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया। वहीं, द नेमसेक, स्लमडॉग मिलियनेयर, लाइफ ऑफ पाई और जुरासिक वर्ल्ड जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
टीवी की दुनिया में भी इरफान का सफर बेहद यादगार रहा। वे चाणक्य, भारत एक खोज, बनेगी अपनी बात, चंद्रकांता’ और तेरे मेरे सपने जैसे चर्चित धारावाहिकों का हिस्सा रहे।
इरफान खान का 29 अप्रैल 2020 को 53 वर्ष की उम्र में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था। वहीं, अनूप सोनी आज भी टीवी जगत में एक लोकप्रिय चेहरा हैं और लंबे समय तक चर्चित क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' की मेजबानी कर चुके हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

