Samachar Nama
×

अनु मलिक ने याद किया 'दिल की तन्हाई' का जादू, बोले- 'शाहरुख खान के एक्सप्रेशन ने गाने को बना दिया खास'

अनु मलिक ने याद किया 'दिल की तन्हाई' का जादू, बोले- 'शाहरुख खान के एक्सप्रेशन ने गाने को बना दिया खास'
अनु मलिक ने याद किया 'दिल की तन्हाई' का जादू, बोले- 'शाहरुख खान के एक्सप्रेशन ने गाने को बना दिया खास'

मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर संगीतकार अनु मलिक ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं, जो आज भी लोगों की यादों का हिस्सा हैं। उन्होंने अब अपने एक खास गाने 'दिल की तन्हाई को' से जुड़ी पुरानी यादें साझा की हैं। फिल्म 'चाहत' के इस लोकप्रिय गाने के 30 साल पूरे होने पर उन्होंने शाहरुख खान के अभिनय और उनके शानदार एक्सप्रेशन की तारीफ करते हुए बताया कि किस तरह अभिनेता ने इस गाने को एक अलग पहचान दी।

अनु मलिक ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म 'चाहत' के इसी गाने का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में शाहरुख खान अपने भावनात्मक अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ अनु मलिक ने लिखा, ''शाहरुख, आपके एक्सप्रेशन ने मेरे गाने 'दिल की तन्हाई को आवाज बना लेते हैं' को एक बिल्कुल अलग स्तर पर पहुंचा दिया। आप कल भी, आज भी और कल भी… हमेशा के लिए यादगार रहेंगे।''

उन्होंने कहा, ''30 साल बाद भी इस गाने का जादू बरकरार है। फिल्म के निर्देशक महेश भट्ट हमेशा भावनाओं को समझने और उन्हें संगीत के जरिए खूबसूरती से पेश करने का हुनर रखते थे।''

अनु मलिक ने इस गाने के गायक कुमार सानू की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''कुमार सानू की आवाज और उनका सफर बेहद खास रहा है। कुछ गाने सिर्फ सुनने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे लोगों की यादों और भावनाओं का हिस्सा बन जाते हैं। 'दिल की तन्हाई को' भी ऐसा ही गाना है, जो सालों बाद भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए हुए है।''

बता दें कि 'दिल की तन्हाई को' साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म 'चाहत' का लोकप्रिय गाना है। फिल्म में शाहरुख खान, पूजा भट्ट, नसीरुद्दीन शाह, रमीया कृष्णन और अनुपम खेर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

फिल्म में शाहरुख खान ने रूप सिंह राठौड़ का किरदार निभाया था, जबकि पूजा भट्ट ने पूजा सिंह राठौड़ की भूमिका निभाई थी। फिल्म में दोनों के बीच की प्रेम कहानी को दिखाया गया था।

साल 2013 में शाहरुख खान ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के तहत फिल्म 'चाहत' के अधिकार भी हासिल किए थे। इसके अलावा इस फिल्म का ओड़िया भाषा में साल 2009 में 'प्रेम रोगी' नाम से रीमेक भी बनाया गया था।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story