Samachar Nama
×

उत्तर 24 परगना में रिश्वत लेते हुए बंगाल सरकार का अधिकारी पकड़ा गया

उत्तर 24 परगना में रिश्वत लेते हुए बंगाल सरकार का अधिकारी पकड़ा गया
उत्तर 24 परगना में रिश्वत लेते हुए बंगाल सरकार का अधिकारी पकड़ा गया

कोलकाता, 3 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने मंगलवार को उत्तर 24 परगना जिले के न्यू बैरकपुर में राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) के एक अधिकारी को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार, अधिकारी पर नया बिजली कनेक्शन और ट्रांसफॉर्मर लगवाने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि एक स्थानीय निवासी की लिखित शिकायत के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिकारी ने इलाके में नया बिजली कनेक्शन और 315 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगवाने के लिए 20,000 रुपए की मांग की थी।

शिकायत मिलने पर एसीबी अधिकारियों ने मामले की पुष्टि की और एक जाल बिछाया। इस कार्रवाई के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता पहले से तय जगह पर आरोपी अधिकारी से मिला और उसे पैसे सौंप दिए।

एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली गई है।

शुरुआती जांच के बाद, आरोपी के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम' की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस रिश्वतखोरी के खेल में कोई और भी शामिल है या फिर आरोपी किसी बड़े गिरोह के इशारे पर काम कर रहा था।

एक अधिकारी ने बताया, "यह गिरफ्तारी 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988' (जिसे 2018 में संशोधित किया गया था) और 'भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023' की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले के आधार पर की गई है।"

यह कार्रवाई एसीबी द्वारा पुरुलिया जिले की रघुनाथपुर नगरपालिका के एक निलंबित सब-असिस्टेंट इंजीनियर को भ्रष्टाचार के कई आरोपों में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद हुई है। इस जांच में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी फंड का दुरुपयोग, नगरपालिका के कामों में गड़बड़ी और सरकारी जमीन से जुड़ी संदिग्ध अनियमितताएं शामिल हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags