अन्ना बेन और किशोर राजकुमार की जोड़ी मचाएगी धमाल, क्रिसमस पर दर्शकों को हंसाने आएगी 'कोयंबटूर मपिल्लई'
चेन्नई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। निर्देशक और अभिनेता किशोर राजकुमार की आने वाली रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'कोयंबटूर मपिल्लई' की रिलीज की तारीख का ऐलान हो गया है। फिल्म निर्माताओं ने शुक्रवार को बताया कि यह फिल्म इस साल 24 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की कहानी में रोमांस और हास्य के साथ रिश्तों में आपसी तालमेल को भी अहम जगह दी गई है। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म को इस तरह तैयार किया गया है कि परिवार के सभी लोग साथ बैठकर इसका आनंद ले सकें।
'कोयंबटूर मपिल्लई' के जरिए मनोरंजन जगत में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पहचानी जाने वाली कंपनी नॉइज एंड ग्रेन्स ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा है। तमिलनाडु में इस फिल्म को एजीएस सिनेमाज रिलीज करेगी। फिल्म में अन्ना बेन और किशोर राजकुमार के अलावा कई जाने-माने कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म के कलाकारों में के. एस. रविकुमार, पोन्नवनन, विजी चंद्रशेखर, सित्तप्पु सरवनन, विनोदिनी वैद्यनाथन, लोल्लू सभा मनोहर, सीडब्ल्यूसी मोनिशा ब्लेसी, व्हाट्सऐप मणि और नक्कलिट्स रंजीत शामिल हैं।
फिल्म को लेकर निर्देशक और मुख्य अभिनेता किशोर राजकुमार ने कहा, ''हमने इसकी शूटिंग महज 29 दिनों में पूरी कर ली। अब तक कई फिल्मों में ज्यादा वजन वाले लोगों को हास्य भूमिकाओं में दिखाया गया है, लेकिन इस फिल्म में भारी शरीर वाले व्यक्ति को मुख्य किरदार बनाया गया है। मैंने खुद इसमें अहम भूमिका निभाई है और अपने किरदार को पर्दे पर उतारने की मुझे काफी खुशी है।''
किशोर राजकुमार ने कहा, ''फिल्म को हर वर्ग के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि परिवार के लोग एक साथ बैठकर इसका आनंद ले सकें। फिल्म की शुरुआत से लेकर अंत तक दर्शकों को हंसी और मनोरंजन का अनुभव मिलेगा। यह रोमांस और हास्य से भरी कहानी है, जिसकी पटकथा दर्शकों को अच्छा महसूस कराने और उनका मनोरंजन करने के मकसद से तैयार की गई है।''
निर्देशक ने आगे कहा, ''फिल्म की कहानी रिश्तों में आपसी तालमेल के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें मुख्य महिला किरदार को भी खास महत्व दिया गया है। अन्ना बेन के साथ काम करना शानदार रहा। वह बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं।''
'कोयंबटूर मपिल्लई' फिल्म 24 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

