अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आंध्र प्रदेश में भव्य आयोजन, अमरावती में 25 हजार से अधिक लोग करेंगे योग
अमरावती, 3 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आंध्रप्रदेश की राजधानी अमरावती में एक भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को बताया कि कृष्णा नदी के पश्चिमी बाईपास रोड पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक लोग एक साथ योग करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 7 जून से 20 जून तक पूरे आंध्र प्रदेश में 'योग आंध्र 2026' अभियान चलाएगी। इस वर्ष सरकार का लक्ष्य राज्य के 1 करोड़ लोगों को योग गतिविधियों से जोड़ना है।
सीएम नायडू ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हर घर की दैनिक आदत बनना चाहिए। स्वस्थ आंध्र प्रदेश के निर्माण के लिए योग को एक जन आंदोलन का रूप देना जरूरी है। इसी सोच के साथ योग को शैक्षणिक संस्थानों में भी शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सके।
मुख्यमंत्री ने योग को भारत की दुनिया को दी गई अमूल्य देन बताते हुए कहा कि तनाव, चिंता और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए योग सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और आध्यात्मिक विकास का संपूर्ण माध्यम है।
सीएम नायडू ने पिछले वर्ष आयोजित 'योग आंध्र 2025' की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विशाखापट्टनम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। इस आयोजन ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 21 वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और स्कॉच अवार्ड हासिल किए थे। उस अभियान में लगभग 2.44 करोड़ लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 1.91 करोड़ प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए। राज्यभर के 1.33 लाख स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए और 1.53 लाख प्रशिक्षकों ने इसमें योगदान दिया।
इस बार प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग थीम तय की गई है। एनटीआर जिले में पुलिसकर्मियों और कोनसीमा जिले में किसानों के लिए विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिला मुख्यालयों के अलावा राज्य के 56 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी योग सत्र होंगे, जिससे योग पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उंडावल्ली गुफाएं और श्रीशैलम जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल भी इन आयोजनों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 'स्वर्ण आंध्र 2047' विजन में योग को विशेष स्थान दिया गया है। सरकार का लक्ष्य 10 लाख प्रमाणित योग साधक तैयार करना, 2.5 लाख योग प्रशिक्षकों का नेटवर्क विकसित करना और 1 करोड़ लोगों को पूरे वर्ष नियमित योग के लिए प्रेरित करना है।
इन योजनाओं को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार ने 10 करोड़ रुपए का विशेष बजट आवंटित किया है। 'योग आंध्र 2026' को मजबूत बनाने के लिए वेलनेस विशेषज्ञ डॉ. मंथना सत्यनारायण राजू का मार्गदर्शन लिया जा रहा है। साथ ही 168 से अधिक शैक्षणिक योग वीडियो भी तैयार किए गए हैं।
लोग व्हाट्सऐप नंबर 81424 04888 पर मैसेज भेजकर योग संबंधी सामग्री प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, टीवी चैनलों और केबल नेटवर्क से भी इस जनजागरूकता अभियान में सहयोग की अपील की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 'योग आंध्र' पोर्टल भी लॉन्च किया, जहां पंजीकरण, कार्यक्रमों की जानकारी और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध रहेगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम

