बिहार: अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर निशांत कुमार का किया समर्थन
पटना, 27 मार्च (आईएएनएस)। पटना में जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने खुलकर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में समर्थन दिया है।
मोकामा में मीडिया से बात करते हुए जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि निशांत कुमार में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण हैं और वे एक अच्छे उत्तराधिकारी साबित हो सकते हैं।
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य हो गए हैं।
राम नवमी के मौके पर मोकामा के कनहाईपुर दौरे के दौरान अनंत सिंह का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके और उनके बेटे अंकित के पोस्टर भी लगाए गए। इससे पहले अनंत सिंह यह घोषणा कर चुके हैं कि वे आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
इधर, यह भी चर्चा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के बाद विधानसभा से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ हो सकता है।
एनडीए के अंदर भी नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि भाजपा या जदयू की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस बीच, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का नागपुर दौरा भी राजनीतिक अटकलों को और बढ़ा रहा है, क्योंकि वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय है।
कुल मिलाकर, बिहार की राजनीति इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजरती दिख रही है। जदयू में उत्तराधिकार को लेकर चर्चा, भाजपा के अंदर विचार-विमर्श और विपक्ष की रणनीति सब एक साथ चल रहे हैं।
अब जदयू के अंदर भी यह मांग तेज होती जा रही है कि निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए, यहां तक कि उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए।
अनंत सिंह के समर्थन के बाद इस मांग को और मजबूती मिली है, जिससे यह संकेत मिलता है कि बिहार में नेतृत्व की नई पीढ़ी सामने आ सकती है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी

