Samachar Nama
×

केबीसी 18: कंटेस्टेंट ने सुनाया अमिताभ बच्चन को मजेदार किस्सा, बोलीं- 'आपकी फिल्म देखते-देखते सो गई थी'

केबीसी 18: कंटेस्टेंट ने सुनाया अमिताभ बच्चन को मजेदार किस्सा, बोलीं- 'आपकी फिल्म देखते-देखते सो गई थी'
केबीसी 18: कंटेस्टेंट ने सुनाया अमिताभ बच्चन को मजेदार किस्सा, बोलीं- 'आपकी फिल्म देखते-देखते सो गई थी'

मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सीजन 18 को होस्ट कर रहे हैं। शो में देश के अलग-अलग हिस्सों से कंटेस्टेंट आते हैं और गेम खेलने के दौरान उनसे अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से भी शेयर करते हैं।

हाल ही में जयपुर की कंटेस्टेंट अल्मास खान ने बिग बी से अपने बचपन का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने उनकी फिल्म 'मृत्युदाता' देखने के लिए टिकट खरीदी थी, लेकिन उन्हें नींद आ गई और जब आंख खुली तो फिल्म खत्म हो चुकी थी।

अल्मास ने अमिताभ बच्चन से कहा, ''मैं आपसे आपकी फिल्मों से जुड़ा एक किस्सा शेयर करना चाहती हूं। जयपुर में एक राज मंदिर नाम का बेहद खूबसूरत थिएटर है, जहां कई बड़ी फिल्में रिलीज होती हैं। जब मैं छोटी थी, तब मैं सभी कजिन्स के साथ आपकी फिल्म 'मृत्युदाता' देखने गई थी।''

अल्मास ने आगे कहा, ''उस वक्त मैं छोटी थी और वो मेरी पहली फिल्म है, जिसे देखने मैं थिएटर गई थी। फिल्म शुरू हुई, सच बोलूं सर, मुझे वो फिल्म इतनी समझ नहीं आई। लेकिन, जगह इतनी खूबसूरत थी और एसी लगा था तो मैं सो गई। जब मेरी आंख खुली तो फिल्म खत्म हो चुकी थी और आपका गाना चल रहा था। लेकिन, मैंने सबसे पहले आपकी फिल्म देखी थी सर।''

अल्मास का यह किस्सा सुन अमिताभ बच्चन हंस पड़े और मजेदार अंदाज में पूछा, ''आपने सोते-सोते कैसे देख ली फिल्म, आप जब उठे तो पिक्चर तो खत्म हो गई थी न।''

बता दें कि 'मृत्युदाता' साल 1997 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन मेहुल कुमार ने किया था और यह एक लंबे ब्रेक के बाद अमिताभ बच्चन की बड़े पर्दे पर कमबैक थी। फिल्म में अमिताभ ने डॉ. राम प्रसाद का किरदार निभाया था, जो एक सम्मानित सर्जन होता है। फिल्म में उनके साथ डिंपल कपाड़िया, करिश्मा कपूर और अरबाज अली खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

'मृत्युदाता' का निर्माण अमिताभ बच्चन की होम प्रोडक्शन कंपनी अमिताभ बच्चन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एबीसीएल) ने किया था। फिल्म का म्यूजिक आनंद-मिलिंद ने तैयार किया था। इसके गानों में 'ना ना ना ना रे' काफी चर्चित हुआ था, जिसमें दलेर मेहंदी की आवाज सुनने को मिली थी।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story