Samachar Nama
×

अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 75 वर्ष की उम्र में नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।

अमिताभ बच्चन ने क्विज आधारित रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच से नाना पाटेकर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "देवियों और सज्जनों, नाना पाटेकर का अचानक स्वर्गवास हो गया। एक अद्वितीय कलाकार, मित्र, शुभचिंतक और उत्कृष्ट समाजसेवक आज हमारे बीच नहीं रहे। यह न केवल भारतीय फिल्म उद्योग के लिए, बल्कि उन सभी लोगों के लिए व्यक्तिगत क्षति है, जिन्हें उनके साथ समय बिताने और उन्हें जानने का अवसर मिला। उनके अचानक चले जाने से हम सभी स्तब्ध हैं।"

अमिताभ बच्चन ने आगे कहा, "उनकी बेबाकी, उनकी सादगी और सच को सच कहने का साहस उन्हें सबसे अलग बनाता था। कुछ लोग हमारे जीवन से चले जाते हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनके परोपकारी कार्य और उनकी दी हुई सीख हमेशा हमारे भीतर जीवित रहती है। नाना भी ऐसे ही लोगों में से एक थे। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नमन करता हूं और उनकी उस कला को प्रणाम करता हूं, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ जिया और हम सबको समर्पित किया।"

दोनों अभिनेताओं ने फिल्म 'कोहराम' में साथ काम किया था और उनके बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध थे। अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर द्वारा महाराष्ट्र में किए गए सामाजिक कार्यों को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर एक विशेष कार्यक्रम में 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर अतिथि के रूप में आए थे और वह शाम हमेशा यादगार रहेगी।

अमिताभ बच्चन ने कहा, "उनकी बातों ने हमें गहराई से प्रभावित किया था। उन्होंने कार्यक्रम में जीती गई धनराशि को एक नेक कार्य के लिए समर्पित किया था, जो उनकी समाजसेवा की भावना का बड़ा उदाहरण था। महाराष्ट्र के उन गांवों में, जो बारिश की कमी से प्रभावित थे, उन्होंने किसानों के बीच जाकर व्यक्तिगत रूप से उनकी मदद की और उनका साथ दिया।"

अंत में अमिताभ बच्चन ने केबीसी परिवार की ओर से नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनकी यादें, उनके विचार और उनका सामाजिक कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story