एल्केम लैब्स का मुनाफा वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में 27.7 प्रतिशत घटकर 236 करोड़ रुपए रहा
मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। एल्केम लेबोरेटरीज लिमिटेड ने गुरुवार को वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 27.7 प्रतिशत की कमजोरी देखने को मिली है। इसकी वजह कंपनी को तिमाही के दौरान एकमुश्त घाटा होना है।
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा,"वित्त वर्ष 26 की मार्च तिमाही में कंपनी को 236 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 306 करोड़ रुपए था।"
एल्केम लैब्स ने बताया कि कंपनी का मुनाफा घटने की वजह तिमाही के दौरान हुआ 135 करोड़ रुपए का वन-टाइम नुकसान है।
मुनाफे में गिरावट के बावजूद, कंपनी की आय में अच्छी वृद्धि दर्ज की। मार्च तिमाही में परिचालन से कंसोलिडेटेड आय पिछले वर्ष की इसी अवधि में दर्ज किए गए 3,144 करोड़ रुपए से 14.6 प्रतिशत बढ़कर 3,603 करोड़ रुपए हो गई है।
कंपनी का एबिटा सालाना आधार पर 32.2 प्रतिशत बढ़कर 517 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 391 करोड़ रुपए था।
मार्च तिमाही में कंपनी का एबिटा बढ़कर 14.4 प्रतिशत हो गया है, जो कि वित्त वर्ष 25 की समान तिमाही में 12.4 प्रतिशत था।
एल्केम लैब्स ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 10 रुपए का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। शेयरधारकों को कुल अनुमानित डिविडेंड लगभग 119.57 करोड़ रुपए होगा।
कंपनी ने बताया कि अंतिम डिविडेंड के पात्र शेयरधारकों का निर्धारण करने के लिए 7 अगस्त को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की गई है।
डिविडेंड का भुगतान आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की स्वीकृति के अधीन है और इसका भुगतान 1 सितंबर से शुरू होगा।
इस वर्ष की शुरुआत में, कंपनी ने फरवरी 2026 में प्रति शेयर 43 रुपए का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था।
पिछले वित्तीय वर्षों में, एल्केम लैब्स ने अगस्त 2025 में प्रति शेयर 8 रुपए, फरवरी 2025 में प्रति शेयर 37 रुपए और अगस्त 2024 में प्रति शेयर 5 रुपए का डिविडेंड दिया था।
वहीं, कंपनी ने 20 दिसंबर से प्रभावी पांच वर्षों की अवधि के लिए मधुरिमा सिंह को कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की भी घोषणा की है।
--आईएएनएस
एबीएस/

