अयोध्या से पहले मथुरा जाएं अखिलेश यादव, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का करें समर्थन: आचार्य प्रमोद
संभल, 9 नवंबर (आईएएनएस)। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को यह एहसास हो गया है कि भगवान राम के बिना कल्याण नहीं हो सकता है। उन्होंने अयोध्या जाने की अखिलेश की इच्छा का स्वागत किया, साथ ही उनसे आग्रह किया कि वे सबसे पहले मथुरा की श्री कृष्ण जन्मभूमि जाएं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को समझ आ गया है कि भगवान राम के बिना कोई कल्याण नहीं हो सकता। वे अपने पापों का प्रायश्चित करने के लिए अयोध्या जाना चाहते हैं, उन्हें जाने दें। भगवान राम सबके हैं। हालांकि, अखिलेश यादव को मथुरा भी जाना चाहिए और श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के निर्माण कार्य को शुरू करने का समर्थन करना चाहिए। अयोध्या जाने से पहले उन्हें मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि जाना चाहिए, प्रार्थना करनी चाहिए, और यह स्वीकार करना चाहिए कि यह श्री कृष्ण जन्मभूमि है और यहां एक मंदिर है।
कृष्णम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दीपावली शुभकामनाओं की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने इस त्योहार को खुशियों की एकईद बताया था।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की हालत देखकर मुझे उन पर तरस आता है। उनकी स्थिति दयनीय हो गई है। वे खुद परेशान हैं और कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना चाहते हैं। राहुल गांधी को ऐसे लोग पसंद हैं जो नेताओं की तरह काम करने के बजाय उनकी सेवा करें, और यही वजह है कि खड़गे को इस्तीफा नहीं देने दिया जा रहा है।
खड़गे ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि मैं सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूंं। यह पूरे भारत में मनाया जाने वाला त्योहार है। ऐसा इसलिए है क्योंकि यह खुशियों की एक ईद है और एक भव्य त्योहार है, जो कई दिनों तक चलता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्ष की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कृष्णम ने सनातन धर्म का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह सनातन धर्म शाश्वत (हमेशा रहने वाला) है, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शाश्वत हैं। वे शाश्वत क्यों हैं? क्योंकि उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र और धर्म को समर्पित कर दिया है। विपक्ष कहता है कि वे प्रधानमंत्री मोदी को मिटा देंगे। वे कहते हैं कि पीएम मोदी चले जाएंगे, मैं मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी का नाम रेत पर नहीं लिखा है, जिसे आसानी से मिटाया जा सके। पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

