Samachar Nama
×

साइकिल है सेहतमंद और स्वच्छ भारत का प्रतीक : ऐश्वर्या राज

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऐश्वर्या राज ने युवाओं से अपील की है कि वे साइकिल चलाकर अपनी सेहत को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना सिर्फ फिट रहने का तरीका नहीं, बल्कि प्रदूषण कम करने और सस्टेनेबल लाइफस्टाइल अपनाने का भी एक बेहतरीन तरीका है।
साइकिल है सेहतमंद और स्वच्छ भारत का प्रतीक : ऐश्वर्या राज

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऐश्वर्या राज ने युवाओं से अपील की है कि वे साइकिल चलाकर अपनी सेहत को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना सिर्फ फिट रहने का तरीका नहीं, बल्कि प्रदूषण कम करने और सस्टेनेबल लाइफस्टाइल अपनाने का भी एक बेहतरीन तरीका है।

आईएएनएस से बातचीत में ऐश्वर्या राज ने कहा, “मैं युवाओं को बताना चाहूंगी कि एक स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच सफल जीवन की नींव हैं। इसलिए हमें अपने शरीर की सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए। साइकिल सिर्फ स्वस्थ शरीर का ही नहीं बल्कि स्वच्छ भारत का भी प्रतीक है। हमें अपनी दिनचर्या में साइकिल को शामिल करना चाहिए ताकि हम अपने देश को प्रदूषण से मुक्त कर सकें।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि हर दिन एक छोटा सा कदम स्वस्थ जीवन की ओर ले जाता है।

वहीं, कार्यक्रम में अभिनेता विक्रांत मैसी ने साइकिलिंग को बढ़ावा देते हुए कहा, “अगर हम साइकिल चलाएं, तो प्रदूषण नहीं होगा। असल में, साइकिल चलाना ही प्रदूषण का समाधान है। इससे हम स्वस्थ भी रहेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि साइकिल चलाना सिर्फ स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बहुत जरूरी है। यह कॉमन सेंस की बात है। साइकिल चलाएंगे तो प्रदूषण भी नहीं होगा और वही हमारा प्रदूषण का समाधान है। आपकी सेहत भी अच्छी होगी।”

विक्रांत मैसी ने सरकार की पहल की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया ऐप के जरिए जब आप साइकिल चलाते हैं तो यह आपके द्वारा तय किए गए किलोमीटर को मापता है। इससे आपको कार्बन पॉइंट्स मिलते हैं, जिनके आधार पर सरकार के पार्टनर्स आपको इनाम भी दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी को साइकिलिंग के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा। अभिनेता ने इस बात पर खुशी जताई कि कार्यक्रम में सबसे छोटा साइकिलिस्ट मात्र 20 महीने का एक बच्चा था। 20 महीने का बच्चा, यानी दो साल का भी नहीं, लेकिन वह अपने पैरों से पेडल मारने की कोशिश कर रहा था। यह बहुत अद्भुत बात है।

बता दें, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 77वां संस्करण आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में ऐश्वर्या राज, विक्रांत मैसी, बॉक्सर नूपुर श्योराण और अभिनेत्री-मॉडल रागिनी द्विवेदी ने भाग लिया।

--आईएएनएस

एमटी/पीएम

Share this story

Tags