इजरायल के ईरान पर हमले के बाद एयर इंडिया की दिल्ली-तेल अवीव फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी
नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल द्वारा शनिवार सुबह ईरान पर 'प्रीवेंटीव अटैक' यानी एहतियाती सैन्य हमले किए जाने के बाद एयर इंडिया की दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली उड़ान शनिवार को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौट आई। मध्य पूर्व के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है।
इजरायल के रक्षा मंत्री ने पुष्टि की कि देश ने ईरान पर हमला किया है। तेहरान में जोरदार धमाकों की खबरें आईं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, ईरान की राजधानी में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरीं।
पाश्चर स्ट्रीट के पास, जहां कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतें हैं, घना धुआं उठता देखा गया। नुकसान और हताहतों की सही जानकारी तुरंत उपलब्ध नहीं हो सकी।
इस बीच, कम लागत वाली एयरलाइन इंडिगो ने भी एडवाइजरी जारी कर कहा कि वह हालात पर नजर बनाए हुए है। एयरलाइन ने कहा, "हम ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से जुड़े क्षेत्रीय अपडेट पर करीबी नजर रख रहे हैं। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पूरे देश में एयर रेड सायरन बजाए गए और लोगों के मोबाइल फोन पर पहले से अलर्ट भेजे गए, जिसमें नागरिकों को सुरक्षित स्थानों के पास रहने की सलाह दी गई।
सेना ने इस अलर्ट को एहतियाती कदम बताया, क्योंकि इजरायल की ओर मिसाइल दागे जाने की आशंका जताई गई है।
सुरक्षा उपाय के तौर पर इजरायल ने देश भर में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया, लोगों को घर से काम करने की सलाह दी और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी।
हमलों के तुरंत बाद क्षेत्र के कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद या सीमित कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन प्रभावित हुआ।
कई एयरलाइनों ने तेल अवीव और आसपास के गंतव्यों की उड़ानों को डायवर्ट कर दिया।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, इन बंदिशों का असर कई एयरलाइनों पर पड़ा। कजान से दुबई जा रही फ्लाइट एफजेड984 को बाकू की ओर मोड़ दिया गया, जबकि शिकागो से दिल्ली आ रही एआई126 सीरिया के ऊपर से उड़ान भर रही थी।
शारजाह से मॉस्को जाने वाली जी9950 को पाकिस्तान के ऊपर से रूट किया गया, जबकि दुबई से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली ईके225 ने प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचने के लिए अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर से उड़ान भरी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कूटनीतिक स्तर पर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर तनाव बढ़ रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान को 'बहुत मुश्किल' और 'बहुत खतरनाक' बताया था। गुरुवार को जिनेवा में ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हुई, जबकि शनिवार को एक और दौर की बातचीत तय है।
--आईएएनएस
डीबीपी/

