एयर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क की सीधी उड़ानों को दोबारा किया शुरू
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। एयर इंडिया ने रविवार को घोषणा की कि उसने दिल्ली और मुंबई को न्यूयॉर्क से जोड़ने वाली अपनी सभी उड़ानों पर नॉन-स्टॉप सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। एयरलाइन ने यह कदम एयरस्पेस के फिर से खुलने के बाद उठाया है। इससे पहले, इन गतंव्यों तक पहुंचने के लिए परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण एयरलाइन को कुछ उड़ानों में टेक्निकल हॉल्ट लेने पड़ रहे थे।
एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली और मुंबई को न्यूयॉर्क से जोड़ने वाली अपनी सभी उड़ानों पर एयर इंडिया ने नॉन-स्टॉप सेवाएं बहाल कर दी हैं। पहले कुछ हवाई क्षेत्रों पर पाबंदी थी, जिसकी वजह से चुनिंदा उड़ानों को तकनीकी कारणों से बीच में रुकना पड़ता था। अब उन हवाई क्षेत्रों के फिर से खुलने के बाद यह बदलाव किया गया है।
सीधी सेवाओं के फिर से शुरू होने से प्रभावित रूटों पर यात्रा के समय में 5 घंटे तक की कमी आने की उम्मीद है। जिन उड़ानों में रास्ते में ईंधन भरने के लिए रुकने की वजह से लगभग 22 घंटे लगते थे, वे अब लगभग 17 घंटे में अपना सफर पूरा कर लेंगी। इससे भारत और अमेरिका के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज और ज्यादा सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।
इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान द्वारा भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर देने के बाद, न्यूयॉर्क के लिए एयर इंडिया की सेवाएं बाधित हो गई थीं।
इसके बाद, क्षेत्रीय तनाव के चलते मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में लगी पाबंदियों ने भारत और उत्तरी अमेरिका के बीच उड़ान संचालन को और भी मुश्किल बना दिया था।
नतीजतन, दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेएफके) और नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (ईडब्ल्यूआर) के लिए जाने वाली एयरलाइन की उड़ानें, ईंधन भरने के लिए रोम में एक 'टेक्निकल स्टॉप' के साथ संचालित हो रही थीं।
एयरस्पेस से जुड़ी पाबंदियों में ढील मिलने के बाद, एयरलाइन ने अब भारत-न्यूयॉर्क के सभी चार रूटों पर नॉन-स्टॉप उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं। इससे एयरलाइन के एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजार में कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।
फिलहाल, एयर इंडिया दिल्ली से जेएफके के लिए रोजाना एक उड़ान और मुंबई से जेएफके के लिए भी रोजाना एक उड़ान संचालित करती है।
इसके अलावा, एयरलाइन दिल्ली और नेवार्क के बीच हर हफ्ते चार उड़ानें, और मुंबई तथा नेवार्क के बीच हर हफ्ते तीन उड़ानें संचालित करती है।
एयरलाइन ने बताया कि इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को नई ऑनबोर्ड सुविधाओं और बेहतर केबिन सेवाओं का लाभ मिलेगा।
दिल्ली से जेएफके और नेवार्क के लिए उड़ानें एयर इंडिया के प्रमुख एयरबस ए350-900 विमानों से संचालित की जाती हैं। इनमें तीन तरह के केबिन हैं, जिसमें फुल-फ्लैट बेड वाले बिजनेस क्लास सुइट, एक अलग प्रीमियम इकोनॉमी सेक्शन, और इकोनॉमी क्लास की सीटें शामिल हैं।
इन विमानों में अगली पीढ़ी के इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सिस्टम और बेहतर ऑनबोर्ड सुविधाएं भी मौजूद हैं।
मुंबई से जेएफके और नेवार्क दोनों जगहों के लिए उड़ानें बोइंग 777-300ईआर विमानों से संचालित होती हैं। इनके केबिन के अंदरूनी हिस्से को नया रूप दिया गया है, जिसमें प्राइवेसी दरवाजों वाले फर्स्ट क्लास सुइट, फ्लैट-बेड बिजनेस क्लास सीटें और बेहतर इकोनॉमी क्लास केबिन शामिल हैं।
--आईएएनएस
एबीएस

