Samachar Nama
×

मालवीय नगर अग्निकांड : एम्स में भर्ती 13 लोग, तीन शवों को भी लाया गया, बचाव अभियान में कई पुलिसकर्मी हुए घायल

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में लगी भीषण आग के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने हादसे में घायल और मृतकों को लेकर जानकारी दी। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
मालवीय नगर अग्निकांड : एम्स में भर्ती 13 लोग, तीन शवों को भी लाया गया, बचाव अभियान में कई पुलिसकर्मी हुए घायल

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में लगी भीषण आग के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने हादसे में घायल और मृतकों को लेकर जानकारी दी। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

एम्स के मीडिया सेल के अनुसार, आग लगने के बाद कुल 13 लोगों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। इनमें तीन ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने जान बचाने के लिए होटल की ऊंची मंजिलों से छलांग लगा दी थी।

ऊंचाई से गिरकर घायल हुए तीन लोगों में से दो मरीजों ने डॉक्टरों की सलाह के बावजूद अस्पताल छोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, दोनों मरीज इलाज के दौरान स्थिर स्थिति में थे। वहीं तीसरी घायल एक महिला है, जिसे सिर में गंभीर चोट लगी। उसकी सर्जरी की गई है और फिलहाल उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

एम्स ने यह भी बताया कि अस्पताल में भर्ती 13 घायलों में 10 दिल्ली पुलिसकर्मी शामिल हैं। ये सभी पुलिसकर्मी बचाव अभियान के दौरान होटल के भीतर फंसे लोगों को निकालने के लिए सबसे पहले मौके पर पहुंचे थे। आग और धुएं के बीच राहत कार्य करते समय वे घायल हो गए। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी 10 पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी दी जा सकती है।

घायलों के अलावा एम्स में तीन अज्ञात शव भी लाए गए हैं। इन शवों को आगे की प्रक्रिया के लिए बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे होटल के बेसमेंट में संचालित एक रेस्तरां से आग की शुरुआत हुई, जो देखते ही देखते पूरी बहुमंजिला इमारत में फैल गई। राहत और बचाव अभियान के दौरान कुल 47 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन 21 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। यह हाल के वर्षों में राजधानी दिल्ली की सबसे भीषण अग्नि दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने कई घंटों तक राहत अभियान चलाया, जो दोपहर तक पूरा हुआ।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, जिनमें गैर इरादतन हत्या से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां होटल में सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों के संभावित उल्लंघन की भी पड़ताल कर रही हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

Share this story

Tags