Samachar Nama
×

काम नहीं मिलने से एक्टर शरद कपूर परेशान, एआईसीडब्ल्यूए ने बॉलीवुड से की मदद की अपील

काम नहीं मिलने से एक्टर शरद कपूर परेशान, एआईसीडब्ल्यूए ने बॉलीवुड से की मदद की अपील
काम नहीं मिलने से एक्टर शरद कपूर परेशान, एआईसीडब्ल्यूए ने बॉलीवुड से की मदद की अपील

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्म जोश के बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर का एक भावुक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने बॉलीवुड से उन्हें काम देने की अपील की है।

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामला गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से शरद कपूर के समर्थन में आगे आने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में काम की कोई गारंटी नहीं होती। आज किसी कलाकार को काम मिल सकता है, लेकिन अगला अवसर 10 दिन, एक साल या दो साल बाद भी मिल सकता है या फिर बिल्कुल नहीं मिल सकता। उन्होंने इसे फिल्म उद्योग की सबसे बड़ी सच्चाई बताते हुए कहा कि आज शरद कपूर को मदद की जरूरत है और सभी को उनके साथ खड़ा होना चाहिए।

सुरेश श्यामला गुप्ता ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री इस समय कठिन दौर से गुजर रही है। काम के अवसर कम होते जा रहे हैं और कई कलाकारों व तकनीशियनों के भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में शरद कपूर जैसे कलाकारों की मदद करना जरूरी है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें शरद कपूर अपनी खराब सेहत के कारण अपने प्रिय पालतू कुत्तों को देखभाल के लिए एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) को सौंपते नजर आए थे। इस वीडियो ने उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों को भावुक कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने शरद कपूर से मुलाकात की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें शरद कपूर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) से काम दिलाने की अपील करते दिखाई दिए।

वीडियो में शरद कपूर ने कहा, "मैं सिंटा से अपील करना चाहता हूं कि मैं अच्छे काम की तलाश में हूं। मुझे आपकी मदद की जरूरत है और मुझे विश्वास है कि आपने हमेशा कलाकारों का समर्थन किया है। थोड़ा नैतिक सहयोग भी मेरे लिए काफी है। मैं एक अच्छा अभिनेता हूं और आप यह जानते हैं। पैसे मेरी समस्या नहीं हैं, मैं सिर्फ दोबारा काम शुरू करना चाहता हूं।"

शरद कपूर ने कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया है। उनके इस भावुक संदेश के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की आर्थिक और पेशेवर असुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

--आईएएनएस

वीसी

Share this story