विजय की टीवीके को बाहरी समर्थन की चर्चाओं के बीच एआईएडीएमके विधायक आज चेन्नई में करेंगे बैठक
चेन्नई, 6 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। एआईएडीएमके के नवनिर्वाचित विधायक बुधवार को चेन्नई में बैठक करने जा रहे हैं। इस बीच संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी का एक वर्ग अभिनेता-राजनेता सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके को कम से कम एक साल के लिए बाहर से समर्थन देने के पक्ष में है।
यह स्थिति इसलिए अहम है क्योंकि टीवीके राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से पीछे है। तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें जरूरी हैं, जबकि टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं।
सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय को तय समय सीमा में विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।
हालांकि, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टीवीके लिए यह संख्या जुटाना आसान नहीं होगा। विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता है, जिनमें से एक सीट उन्हें छोड़नी होगी, जिससे पार्टी की संख्या घटकर 107 रह जाएगी। इसके अलावा, स्पीकर आमतौर पर विश्वास मत में वोट नहीं करता, इसलिए टीवीके कम से कम 11-12 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी।
चूंकि टीवीके किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा था, इसलिए अब डीएमके और एआईएडीएमके दोनों खेमों की पार्टियों से बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस, जिसने पांच सीटें जीती हैं, विजय को समर्थन देने के लिए ज्यादा इच्छुक मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का विजय को फोन कर बधाई देना भी संभावित सहयोग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, एआईएडीएमके गठबंधन की सहयोगी पीएमके, जिसने चार सीटें जीती हैं, वह भी समर्थन देने के लिए तैयार दिख रही है। जल्द ही पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास और विजय की मुलाकात होने की चर्चा है।
विजय पहले ही गठबंधन सरकार के लिए अपनी सहमति जता चुके हैं, जिससे छोटे दलों को कैबिनेट में जगह मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर एआईएडीएमके बाहर से समर्थन देती है, तो विजय आसानी से बहुमत हासिल कर सकते हैं और सरकार पर मजबूत पकड़ बनाए रख सकते हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

