Samachar Nama
×

दूसरी तिमाही में टेक्नोलॉजी क्षेत्र की भर्तियां एआई, बिग डेटा और साइबर सिक्योरिटी जैसी थीम पर केंद्रित रही : रिपोर्ट

दूसरी तिमाही में टेक्नोलॉजी क्षेत्र की भर्तियां एआई, बिग डेटा और साइबर सिक्योरिटी जैसी थीम पर केंद्रित रही : रिपोर्ट
दूसरी तिमाही में टेक्नोलॉजी क्षेत्र की भर्तियां एआई, बिग डेटा और साइबर सिक्योरिटी जैसी थीम पर केंद्रित रही : रिपोर्ट

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस) । वैश्विक स्तर पर 2026 की दूसरी तिमाही में टेक्नोलॉजी सेक्टर की भर्तियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिग डेटा और साइबर सिक्योरिटी जैसे थीम पर केंद्रित रही। यह जानकारी सोमवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।

इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म ग्लोबलडेटा की ‘ग्लोबल हायरिंग एक्टिविटी ट्रेंड्स एंड सिग्नल्स – क्यू2 2026’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में बताया गया कि तिमाही के दौरान भर्ती में एआई, बिग डेटा और साइबर सुरक्षा सबसे प्रमुख तकनीकी विषय बने रहे।

एआई क्षेत्र में जनरेटिव एआई और मशीन लर्निंग मांग के प्रमुख क्षेत्र बनकर उभरे। दुनियाभर में जनरेटिव एआई से संबंधित नौकरी के विज्ञापनों की सबसे बड़ी संख्या अमेरिका और भारत में रही।

हालांकि, 2026 की दूसरी तिमाही में वैश्विक रोजगार बाजार में सुस्ती देखी गई। तिमाही आधार पर कुल नौकरी के विज्ञापनों में 2.3 प्रतिशत की गिरावट आई, क्योंकि आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच नियोक्ताओं ने भर्ती को लेकर अधिक सतर्क रुख अपनाया।

भर्ती गतिविधियों में व्यापक नरमी के बावजूद कुछ क्षेत्रों ने मजबूती दिखाई। अमेरिका और ब्रिटेन दोनों में नौकरी के विज्ञापनों में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जबकि नीदरलैंड में स्थिर आर्थिक वृद्धि, घरेलू खर्च में बढ़ोतरी और सरकारी खर्च में वृद्धि के कारण भर्ती गतिविधियों में इजाफा हुआ।

ग्लोबलडेटा की बिजनेस फंडामेंटल्स एनालिस्ट शेरला श्रीपदा ने रिपोर्ट के निष्कर्षों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन दोनों में नौकरी के विज्ञापनों में मामूली वृद्धि हुई।

श्रीपदा ने कहा कि नीदरलैंड में स्थिर आर्थिक विस्तार, बढ़ते घरेलू खर्च और बढ़े हुए सरकारी खर्च के कारण नौकरी के विज्ञापनों में वृद्धि हुई।

उन्होंने कहा कि उत्तरी अमेरिका एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा जहां घरेलू स्तर पर भर्ती बढ़ी। नियोक्ताओं ने नौकरी के विज्ञापनों का बड़ा हिस्सा घरेलू भूमिकाओं की ओर स्थानांतरित किया, जबकि क्षेत्र के बाहर की नौकरियों के विज्ञापनों की हिस्सेदारी घट गई।

श्रीपदा ने कहा कि नौकरी के विज्ञापनों में गिरावट एक चयनात्मक भर्ती माहौल का संकेत देती है। नियोक्ता बाहरी भर्ती के साथ-साथ कर्मचारियों के बेहतर उपयोग, उत्पादकता में सुधार और ऑटोमेशन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच संतुलन बना रहे हैं।

क्षेत्रवार देखें तो अधिकांश उद्योगों में भर्ती गतिविधि में गिरावट आई। हालांकि, ऑटोमोबाइल, पैकेजिंग तथा तेल एवं गैस क्षेत्रों ने इस रुझान को पलटते हुए नौकरी के अवसरों में मामूली वृद्धि दर्ज की।

ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भर्ती बढ़ने की वजह नए वाहनों की लॉन्चिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के विस्तार में जारी निवेश को बताया गया है।

दुनियाभर में रिटेल और तकनीकी क्षेत्र नौकरी के विज्ञापनों की सबसे अधिक संख्या पैदा करते रहे हैं। यह कुल भर्ती गतिविधि में नरमी के बावजूद प्रतिभाओं की लगातार बनी हुई मांग को दर्शाता है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags