अदाणी ग्रुप इस साल जोड़ेगा दो लाख करोड़ रुपए की नई संपत्ति : गौतम अदाणी
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने शुक्रवार को कहा कि समूह अपने सभी व्यवसायों में हो रही तेज वृद्धि के चलते इस वर्ष 2 लाख करोड़ रुपए की नई संपत्ति जोड़ेगा।
अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर अदाणी समूह के 4 लाख कर्मचारियों को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा, “अपने संचालन के पहले 35 वर्षों में, हमने सामूहिक रूप से लगभग 2 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति का निर्माण किया और आज हमारी स्थिति इतनी मजबूत है कि केवल इसी वर्ष में हम 2 लाख करोड़ रुपए की नई संपत्ति जोड़ने जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि अदाणी समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अपना योगदान देने का हर संभव प्रयास करेगा।
मुंद्रा और हाल ही में पूर्ण हुए गंगा एक्सप्रेसवे जैसी विभिन्न परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए गौतम अदाणी ने कहा, “जब हम कोई परियोजना पूरी करते हैं, तो हम केवल एक कार्य समाप्त नहीं कर रहे होते; हम अपने देश के भविष्य को आकार दे रहे होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि मुंद्रा परियोजना ने बंजर भूमि के एक बड़े हिस्से को भारत के सबसे बड़े बंदरगाह में बदल दिया है, जिससे देश के व्यापार में तेजी आई है और देश दुनिया के बाकी हिस्सों से जुड़ गया है।
इसी प्रकार, केरल का विझिंजम बंदरगाह वैश्विक समुद्री मानचित्र पर भारत को एक नई पहचान दिलाएगा और देश को एक सशक्त माल ढुलाई केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ाएगा। गौतम अदाणी ने बताया कि कच्छ में स्थित खावड़ा, जहां समूह वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी हरित ऊर्जा परियोजनाओं में से एक का निर्माण कर रहा है, आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव रख रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डों में से एक के रूप में देश का गौरव बन गया है और यह भारत की विमानन क्षमताओं में एक नया आयाम जोड़ेगा, कनेक्टिविटी बढ़ाएगा और लाखों लोगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में 594 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के महत्व पर भी जोर दिया, जिसका उद्घाटन इस सप्ताह प्रधानमंत्री ने किया था। गौतम अदाणी ने कहा कि यह परियोजना मेरठ से प्रयागराज तक की यात्रा को 10-11 घंटे से घटाकर मात्र 5-6 घंटे करके 8 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को बदल देगी।
इसके अलावा, उन्होंने मुंबई में समूह द्वारा चलाए जा रहे धारावी झुग्गी बस्ती पुनर्विकास परियोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “यह महज एक परियोजना नहीं है; यह शायद मानव रूपांतरण के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे चुनौतीपूर्ण प्रयास है।”
गौतम अदाणी ने कहा, “अदाणी समूह द्वारा गर्व और संतोष के साथ शुरू की गई ये सभी परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में एक विनम्र योगदान का प्रतिनिधित्व करती हैं।”
--आईएएनएस
एबीएस/

