Samachar Nama
×

अदाणी ग्रुप की छह कंपनियों पर बुलिश जेफरीज, बताया- हार्ड एसेट प्ले

अदाणी ग्रुप की छह कंपनियों पर बुलिश जेफरीज, बताया- हार्ड एसेट प्ले
अदाणी ग्रुप की छह कंपनियों पर बुलिश जेफरीज, बताया- हार्ड एसेट प्ले

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज अदाणी ग्रुप पर बुलिश बना हुआ है और उन्होंने अपनी कवरेज की ग्रुप की छह कंपनियों पर बाय रेटिंग को दोहराया है। इसकी वजह मजबूत आय, बड़ी निवेश पाइपलाइन, इन्फ्रास्ट्रक्चर बिजनेस में अनुमानित नकदी प्रवाह होना है।

जेफरीज की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्षमता विस्तार, बाजार हिस्सेदारी में वृद्धि और नई परियोजनाओं के शुरू होने से वित्त वर्ष26 से वित्त वर्ष29 के बीच समूह के संयुक्त ईबीआईटीडीए और प्रति शेयर आय (ईपीएस) के 23 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) से बढ़ने की उम्मीद है।

निवेश बैंक ने अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड), अदाणी पावर, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अंबुजा सीमेंट्स पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, और इनके लिए क्रमशः 3,830 रुपए, 2,180 रुपए, 240 रुपए, 1,695 रुपए, 1,980 रुपए और 475 रुपए का टारगेट प्राइस तय किया है।

ब्रोकरेज फर्म के अनुसार, अदाणी समूह की वित्त वर्ष27 से वित्त वर्ष29 के बीच लगभग 51 अरब डॉलर का पूंजी निवेश करने की योजना है। यह भारत के प्रमुख व्यावसायिक समूहों द्वारा नियोजित कुल पूंजी व्यय का लगभग 28 प्रतिशत है।

इसके अलावा, नियोजित निवेश का आधे से अधिक हिस्सा पावर यूटिलिटीज (बिजली क्षेत्र) में जाने की उम्मीद है। इससे समूह का उन विनियमित और अनुबंधित बुनियादी ढांचा संपत्तियों में निवेश बढ़ेगा, जिनसे अपेक्षाकृत स्थिर रिटर्न मिलता है।

ब्रोकरेज का कहना है कि समूह के परिचालन से प्राप्त होने वाले फंड का 65 प्रतिशत से अधिक हिस्सा ऐसे व्यवसायों से आने की संभावना है, जहां कैश फ्लो का पहले से अनुमान लगाया जा सकता है। इससे कमाई में स्थिरता आएगी और भविष्य के प्रदर्शन को लेकर स्पष्टता बढ़ेगी।

इसमें यह भी बताया गया है कि भारत के बुनियादी ढांचे के निर्माण में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में अदाणी समूह शामिल है। प्रमुख व्यावसायिक समूहों द्वारा नियोजित कुल पूंजी व्यय में इसका हिस्सा 20 प्रतिशत से भी अधिक है।

ग्रुप के प्रमुख व्यवसायों में, अदाणी पोर्ट्स 27 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ भारत के सबसे बड़े निजी पोर्ट ऑपरेटर के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

विश्लेषक 'अदाणी एंटरप्राइजेज' में भी लंबी अवधि के लिए काफी संभावनाएं देखते हैं। यह ग्रुप का एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो नए व्यवसायों को विकसित करता है, जिनमें एयरपोर्ट, डेटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मैन्युफैक्चरिंग, कॉपर प्रोसेसिंग और डिफेंस जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा, भारत की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में अदाणी पावर और अदाणी ग्रीन की संयुक्त हिस्सेदारी लगभग 7 प्रतिशत है, जबकि अदाणी एयरपोर्ट्स देश के कुल यात्री ट्रैफिक का लगभग 23 प्रतिशत संभालता है।

आने वाले समय में नवी मुंबई एयरपोर्ट, लंबी अवधि में विकास को गति देने वाला एक महत्वपूर्ण कारक साबित हो सकता है।

हालांकि, जेफरीज के विश्लेषकों ने कुछ जोखिमों की ओर भी इशारा किया है। इनमें समूह की कुछ कंपनियों पर अधिक कर्ज, बड़े पूंजी व्यय कार्यक्रमों को लागू करने में आने वाली चुनौतियां, और कंपनियों के बीच आपस में जुड़े वित्तीय जोखिम शामिल हैं। बाजार की प्रतिकूल परिस्थितियों में ये कारक दबाव को और बढ़ा सकते हैं।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags