Samachar Nama
×

अदाणी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में दर्ज किया अब तक का सबसे अधिक 5,642 करोड़ रुपए का एबिटडा

अदाणी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में दर्ज किया अब तक का सबसे अधिक 5,642 करोड़ रुपए का एबिटडा
अदाणी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में दर्ज किया अब तक का सबसे अधिक 5,642 करोड़ रुपए का एबिटडा

अहमदाबाद, 29 जुलाई (आईएएनएस)। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने बुधवार को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के नतीजे पेश किए। इस दौरान कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक 5,642 करोड़ रुपए का तिमाही एबिटडा दर्ज किया है। इसमें सालाना आधार पर 49 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

वहीं, इस दौरान कुल आय सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़कर 33,546 करोड़ रुपए हो गई है।

एईएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वित्त वर्ष 27 की जून तिमाही में कर से पहले मुनाफा (पीबीटी) 1,295 करोड़ रुपए (2,644 करोड़ रुपए के ओएफएसी सेटलमेंट को हटाकर) रहा है। इसकी वजह अदाणी एयरपोर्ट्स का एबिटडा सालाना आधार पर 49 प्रतिशत बढ़कर 1,633 करोड़ रुपए रहना था।

बयान में आगे कहा गया कि तिमाही नतीजे एईएल के स्थापित और उभरते कारोबारों के विविध पोर्टफोलियो की मजबूती को दर्शाते हैं, जो कंपनी को स्थिरता के साथ-साथ विकास भी प्रदान करता है।

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, "अदाणी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 27 की शानदार शुरुआत की है। कंपनी ने 5,642 करोड़ रुपए के अब तक के सबसे अधिक तिमाही एबिटडा के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है, जिसे हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर और इनक्यूबेशन प्लेटफॉर्म के बढ़ते पैमाने और परिपक्वता से मजबूती मिली है।"

उन्होंने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय परिचालन की शुरुआत, गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल संग्रह का आरंभ, सोलर मॉड्यूल क्षमता का विस्तार और एक बड़े नए हाइपरस्केल डेटा सेंटर ऑर्डर की प्राप्ति कंपनी की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

अदाणी समूह के चेयरमैन ने कहा, "15,000 करोड़ रुपए के सफल क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (क्यूआईपी) से हमारी रणनीति और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता पर संस्थागत निवेशकों का मजबूत भरोसा भी झलकता है। भारत की बुनियादी ढांचा जरूरतों के विस्तार के साथ हम ऐसे वैश्विक स्तर के प्रतिस्पर्धी कारोबार खड़े करने पर केंद्रित हैं, जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएं और सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करें।"

क्षमता बढ़ने के साथ एईएल के कॉपर कारोबार ने इस तिमाही में 749 करोड़ रुपए का एबिटडा जोड़ा है।

अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज ने तिमाही के दौरान 1.7 गीगावॉट की नई मॉड्यूल उत्पादन लाइन शुरू की, जबकि 15 जुलाई से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू हो गया।

कंपनी ने बताया कि 15 मई से गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना पर टोल वसूली भी शुरू हो गई है।

कंपनी के अनुसार, अनुशासित निवेश चक्र के माध्यम से मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म की नींव स्थापित करने के बाद अब एईएल ऐसे चरण में प्रवेश करने के लिए तैयार है, जहां उसकी परिसंपत्तियों की क्षमता का बेहतर उपयोग और परिचालन दक्षता उसके शेयरधारकों के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय परिणामों में परिवर्तित होगी।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags