Samachar Nama
×

बंगाल मिट्टी चोरी मामला: अभिषेक बनर्जी के सहयोगी सुमित रॉय को अब इस केस में भी दिखाया गया गिरफ्तार

बंगाल मिट्टी चोरी मामला: अभिषेक बनर्जी के सहयोगी सुमित रॉय को अब इस केस में भी दिखाया गया गिरफ्तार
बंगाल मिट्टी चोरी मामला: अभिषेक बनर्जी के सहयोगी सुमित रॉय को अब इस केस में भी दिखाया गया गिरफ्तार

कोलकाता, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यकारी सहायक सुमित रॉय को बुधवार को डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने कथित मिट्टी चोरी के मामले में गिरफ्तार दिखाया।

सुमित रॉय पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें 10 सितंबर को पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी ने पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबोनी में करोड़ों रुपए के कथित अवैध भूमि कब्जा मामले में गिरफ्तार किया था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नए मामले में गिरफ्तारी दिखाए जाने के बाद अब सुमित रॉय और उनके राजनीतिक आकाओं पर दबाव बढ़ सकता है।

डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने उन्हें कालीताला-आशुति थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार दिखाया है। इस मामले में उन पर लगभग 400 करोड़ रुपए की मिट्टी चोरी में शामिल होने का आरोप है।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "रॉय को बुधवार को कोलकाता की एक निचली अदालत में पेश किया गया और उनकी पुलिस हिरासत की मांग की गई। वह पहले से ही सालबोनी भूमि घोटाला मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। उस मामले की जांच भी जारी है। इसलिए नियमों के अनुसार डायमंड हार्बर पुलिस ने उन्हें इस मिट्टी चोरी के मामले में गिरफ्तार दिखाया है और हिरासत की मांग की है।"

सालबोनी अवैध भूमि कब्जा मामले में पुलिस ने सबसे पहले तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुजय हाजरा को गिरफ्तार किया था।

सुजय हाजरा से पूछताछ के दौरान इस मामले में सुमित रॉय का नाम सामने आया। इसके बाद सीआईडी ने कई बार पूछताछ करने के बाद 10 सितंबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

मामले में दायर आरोपपत्र में सीआईडी ने विस्तार से बताया है कि सालबोनी भूमि कब्जा मामले से जुड़ा धन किस तरह सुमित रॉय के कार्यालय तक पहुंचा।

इसी जांच के दौरान अब डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने उन्हें एक अन्य मामले, यानी कथित मिट्टी चोरी मामले में भी गिरफ्तार दिखाया है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags