Samachar Nama
×

विधायकों के हस्ताक्षर मामले में पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय पहुंचे अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 11 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी गुरुवार शाम विधायकों के हस्ताक्षर मामले में पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) मुख्यालय पहुंच गए।
विधायकों के हस्ताक्षर मामले में पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय पहुंचे अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 11 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी गुरुवार शाम विधायकों के हस्ताक्षर मामले में पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) मुख्यालय पहुंच गए।

इससे पहले दिन में कलकत्ता हाईकोर्ट की अवकाशकालीन एकल पीठ के न्यायाधीश कौशिक चंदा ने अभिषेक बनर्जी को शाम छह बजे तक सीआईडी कार्यालय में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था।

अदालत ने टिप्पणी की कि अभिषेक बनर्जी पहले ही इस मामले में जारी तीन समन की अनदेखी कर चुके हैं और अब इस तरह की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि उन्हें गुरुवार शाम छह बजे तक सीआईडी मुख्यालय पहुंचकर पूछताछ का सामना करना होगा।

जब अदालत का आदेश सुनाया गया, उस समय अभिषेक बनर्जी नई दिल्ली में मौजूद थे। आदेश के बाद वह जल्दबाजी में दिल्ली से कोलकाता लौटे। शाम करीब चार बजे कोलकाता हवाई अड्डे पहुंचने के बाद वह पहले कालीघाट रोड स्थित अपने आवास गए और वहां से दक्षिण कोलकाता स्थित भवानी भवन में सीआईडी मुख्यालय के लिए रवाना हुए, जो उनके आवास से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

अभिषेक बनर्जी शाम 5:55 बजे, निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से महज पांच मिनट पहले, भवानी भवन पहुंचे। उन्होंने प्रवेश द्वार पर आगंतुक रजिस्टर में हस्ताक्षर किए और मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना सीधे भवन के भीतर चले गए।

हालांकि, फिलहाल इस मामले में उनकी गिरफ्तारी की संभावना नहीं है। इससे पहले गुरुवार को ही हाईकोर्ट की अवकाशकालीन एकल पीठ ने उन्हें 21 दिनों के लिए गिरफ्तारी सहित किसी भी प्रकार की दमनात्मक पुलिस कार्रवाई से अंतरिम राहत प्रदान की थी।

अदालत ने अभिषेक बनर्जी को जांच में सीआईडी अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है। साथ ही अदालत ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सीआईडी जांच के सिलसिले में छापेमारी और तलाशी अभियान भी चला सकती है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags