Samachar Nama
×

संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए अभिषेक बच्चन, राकेश रोशन और अन्य, दी अंतिम श्रद्धांजलि

संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए अभिषेक बच्चन, राकेश रोशन और अन्य, दी अंतिम श्रद्धांजलि
संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए अभिषेक बच्चन, राकेश रोशन और अन्य, दी अंतिम श्रद्धांजलि

मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में शनिवार को फिल्म निर्माता संजय गुप्ता का अंतिम संस्कार किया गया। फिल्म जगत की कई हस्तियां अंतिम संस्कार में शामिल हुईं और इस जाने-माने निर्देशक को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दी।

अंतिम संस्कार में अभिनेता अभिषेक बच्चन, निर्देशक राकेश रोशन और अभिनेता फरदीन खान शामिल हुए। इनके अलावा अभिनेता मनोज बाजपेयी, रजत बेदी, और फिल्म निर्माता अशोक पंडित व मिलाप जवेरी को भी श्मशान घाट पर देखा गया।

रोहित रॉय, रोनित रॉय और गुलशन ग्रोवर जैसी अन्य हस्तियों ने भी फिल्म निर्माता को उनकी अंतिम यात्रा के दौरान श्रद्धांजलि दी।

संजय गुप्ता के घर पहुंचने पर फिल्म निर्माता मिलाप जवेरी भावुक हो गए।

उन्होंने अपनी अगली फिल्म दिवंगत निर्देशक संजय गुप्ता को समर्पित करने का फैसला किया है, जिन्हें वे प्यार से अपना 'गॉडफादर', 'दोस्त' और 'भाई' मानते थे।

मिलाप जवेरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दिवंगत फिल्म निर्माता के साथ हुई अपनी आखिरी मुलाकात को याद किया।

उन्होंने लिखा, "हम दस दिन पहले मिले थे और मैंने आपको अपनी अगली फिल्म का टाइटल बताया था। आप खुशी से उछल पड़े और बोले, 'मिलाप! इसी टाइटल वाली ओरिजिनल फिल्म मेरे पिता ने प्रोड्यूस की थी।' उस पल मुझे जो खुशी हुई और मुझ पर आपको जो गर्व महसूस हुआ, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह टाइटल, यह फिल्म... सब आपको समर्पित होगी। मैं आपसे प्यार करता हूं गुरुजी। मैं हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा।"

खबरों के अनुसार, शुक्रवार रात संजय गुप्ता गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोटें लग गईं, जिससे जिससे उनका काफी खून बह गया।

इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के समय उनके परिवार के सभी सदस्य—पत्नी और दो बेटे—घर पर ही थे, लेकिन वे सो रहे थे। इसलिए, फिल्म निर्माता के बारे में शनिवार सुबह पता चला।

संजय गुप्ता की कुछ सबसे यादगार फिल्मों में 'कांटे' (2002), 'मुसाफिर' (2004), 'जिंदा' (2006), 'काबिल' (2017) और 'शूटआउट एट वडाला' (2013) शामिल हैं।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story