Samachar Nama
×

आस्था स्पिनटेक्स की शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत, शेयर इश्यू प्राइस से 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर हुए लिस्ट

आस्था स्पिनटेक्स की शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत, शेयर इश्यू प्राइस से 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर हुए लिस्ट
आस्था स्पिनटेक्स की शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत, शेयर इश्यू प्राइस से 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर हुए लिस्ट

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात की टेक्सटाइल कंपनी आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड के शेयरों की सोमवार को शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत हुई। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर 130 रुपए प्रति शेयर पर लिस्ट हुए, जबकि इसके आईपीओ का इश्यू प्राइस 136 रुपए प्रति शेयर था।

इस तरह कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से 4.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ हुई, जिससे आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को शुरुआत में नुकसान का सामना करना पड़ा।

हालांकि, कारोबार शुरू होने के कुछ ही समय बाद निवेशकों की खरीदारी बढ़ने लगी और मजबूत मांग के चलते कंपनी के शेयरों में तेजी आई और ये 5 प्रतिशत के अपर सर्किट तक पहुंच गए, इससे शुरुआती गिरावट काफी हद तक संभल गई और सेकेंडरी मार्केट में शेयर के प्रति निवेशकों की अच्छी दिलचस्पी देखने को मिली।

वहीं, लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 598.13 करोड़ रुपए रहा।

पिछले सप्ताह बोली बंद होने पर 170 करोड़ रुपए के इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिससे यह सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 4.64 गुना सब्सक्राइब हुआ।

कंपनी ने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 125 रुपए से 136 रुपए का प्राइस बैंड तय किया था।

यह आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इक्विटी शेयरों के इश्यू पर आधारित था, जिसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) का कोई हिस्सा शामिल नहीं था।

आस्था स्पिनटेक्स कार्डेड, कॉम्ब्ड और कॉम्पैक्ट कॉम्ब्ड कॉटन यार्न, कॉटन बेल्स और उनसे जुड़े अन्य उत्पादों के निर्माण और कारोबार में सक्रिय है। कंपनी का एकीकृत स्पिनिंग और जिनिंग प्लांट गुजरात के मोरबी जिले के हलवद में स्थित है।

कंपनी के अनुसार, आईपीओ से प्राप्त शुद्ध राशि में से 111.51 करोड़ रुपए का उपयोग फाल्कन यार्न्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। इसके अलावा 10 करोड़ रुपए अधिग्रहित कंपनी की कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) की जरूरतों को पूरा करने में खर्च किए जाएंगे, जबकि शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में बीओआई मर्चेंट बैंकर्स लिमिटेड और पीएनबी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज लिमिटेड ने काम किया।

गुजरात स्थित आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड मुख्य रूप से कंटैमिनेशन-नियंत्रित कॉटन यार्न और कॉटन बेल्स का उत्पादन करती है। कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) मॉडल पर आधारित है, और यह अपने उत्पाद फैब्रिक निर्माताओं, बुनकरों और बुनाई इकाइयों को उपलब्ध कराती है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags