Samachar Nama
×

जापान में फिर हिली धरती, आओमोरी में 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके हुए महसूस

जापान में फिर हिली धरती, आओमोरी में 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके हुए महसूस
जापान में फिर हिली धरती, आओमोरी में 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके हुए महसूस

टोक्यो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरी जापान में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। देश की मौसम एजेंसी ने बताया कि शनिवार को उत्तरी जापान के आओमोरी प्रांत में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि भूकंप स्थानीय समय के हिसाब से सुबह 11:48 बजे आओमोरी के पैसिफिक कोस्ट पर 80 किमी की गहराई पर आया। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का सेंटर 41.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 142.0 डिग्री पूर्व देशांतर पर था। फिलहाल, सुनामी को लेकर कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई।

यह मंगलवार को स्थानीय के हिसाब से शाम करीब 4:27 बजे कुमामोटो प्रीफेक्चर में आए एक और जोरदार भूकंप के ठीक बाद आया है।

बता दें, जापान के क्यूशू के कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद बुधवार सुबह 11 बजे तक 170 से अधिक आफ्टरशॉक (भूकंप के झटके) दर्ज किए गए। इस आपदा में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि कई घायल हुए। भूकंप से पुल ढह गए, कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने लोगों को अगले एक सप्ताह तक सतर्क रहने की चेतावनी दी थी। जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके के अनुसार, एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा कि अगले दो से तीन दिन विशेष रूप से संवेदनशील हैं और इस दौरान जापान की भूकंपीय तीव्रता मापने वाले शिंदो स्केल पर अधिकतम 7 तीव्रता तक के और भूकंप आ सकते हैं।

विशेषज्ञों ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे लोगों से भीषण गर्मी के बीच नियमित अंतराल पर आराम करने की अपील की, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

मंगलवार शाम 4:27 बजे कुमामोटो प्रांत में आए इस भूकंप की तीव्रता शिंदो स्केल पर 7 दर्ज की गई, जो इस पैमाने का सर्वोच्च स्तर है। इससे पहले इतनी तीव्रता का भूकंप 1 जनवरी 2024 को नोटो प्रायद्वीप में आया था।

भूकंप के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। हालांकि, मामले की जांच चल रही है कि इन मौतों का सीधा संबंध रिक्टर स्केल पर 7.1 तीव्रता वाले भूकंप से था या नहीं। प्रीफेक्चरल डिजास्टर रिस्पॉन्स हेडक्वार्टर के अनुसार, इनमें नौ मामलों की जांच चल रही है।

गुरुवार दोपहर हुई डिजास्टर रिस्पॉन्स हेडक्वार्टर की मीटिंग में कुमामोटो प्रीफेक्चर सरकार के अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 35 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से नौ की मौत की जांच अभी भी चल रही है।

--आईएएनएस

केके/एएस

Share this story

Tags