Samachar Nama
×

बीएलए का दावा: बलूचिस्तान में 44 हमलों में मारे 38 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी

बीएलए का दावा: बलूचिस्तान में 44 हमलों में मारे 38 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी
बीएलए का दावा: बलूचिस्तान में 44 हमलों में मारे 38 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी

क्वेटा, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उसने पिछले कुछ दिनों में बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में 44 अभियान चलाए हैं। संगठन का कहना है कि इन हमलों में 38 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए। यह जानकारी स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में सामने आई है।

बीएलए के प्रवक्ता जियांद बलूच ने एक बयान में कहा कि तीन नवंबर से 17 नवंबर के बीच किए गए इन हमलों में सैन्य शिविरों, सैन्य काफिलों, सेना के कथित सहयोगियों और उन परियोजनाओं को निशाना बनाया गया, जिन्हें संगठन 'शोषणकारी' मानता है।

'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रवक्ता बताया क‍ि इन अभियानों में घात लगाकर हमला, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), ड्रोन हमले और राजमार्गों की नाकेबंदी जैसी कई रणनीतियों का इस्तेमाल किया गया।

बीएलए के अनुसार, मंगलवार को उसके लड़ाकों ने नुश्की जिले के सैंड इलाके में एक सैन्य चौकी और खारान जिले के कराची स्टॉप पर दो सैन्य वाहनों को निशाना बनाया। संगठन का दावा है कि इन हमलों में नुश्की में दो सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि खारान में कई अन्य की मौत हुई या वे घायल हुए। बीएलए ने आरोप लगाया कि इन हमलों के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में नुश्की के रिहायशी इलाकों पर अंधाधुंध मोर्टार दागे।

एक अन्य घटना में, 16 नवंबर को बीएलए ने दावा किया कि बासिमा के पाथक इलाके में चार सैन्य वाहनों पर घात लगाकर हमला किया गया, जिसमें कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी और कथित 'डेथ स्क्वॉड' के सदस्य मारे गए या घायल हुए।

बयान के मुताबिक, उसी रात पंजगुर के स्टार चौक में राज्य समर्थित बताए जाने वाले 'डेथ स्क्वॉड' के सदस्यों पर हमला किया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हो गए। बीएलए ने आरोप लगाया कि इसके बाद 'डेथ स्क्वॉड' के सदस्यों ने तास्प इलाके में महिलाओं और बच्चों को ले जा रहे एक वाहन पर गोलीबारी की, जिसमें एक महिला की मौत हो गई।

संगठन के अनुसार, 12 नवंबर को क्वेटा के न्यू सरियाब पुलिस स्टेशन के बाहर तैनात कर्मियों पर आईईडी हमला किया गया। इसके बाद 13 नवंबर को नुश्की में सैंड क्षेत्र और शहीद बलाच खान स्टेडियम के पास स्थित शिविरों और चौकियों पर समन्वित हमले किए गए।

बीएलए का दावा है कि इन हमलों में दो सुरक्षाकर्मी मारे गए और कम से कम पांच घायल हुए।

समूह ने दावा किया कि सुराब के हाजिका इलाके में हुई झड़पों में पांच से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि कलात के मोरगंद इलाके में घात लगाकर किए गए एक अन्य हमले में दो और लोगों की मौत हुई। संगठन ने अपने पहले के दावे को दोहराते हुए कहा कि 14 नवंबर को किए गए ड्रोन हमले में दो पाकिस्तानी कर्मियों की मौत हुई थी, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल था।

बीएलए के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने आठ नवंबर को चागई के नोकचा, 13 नवंबर को दलबंदीन के पशोक और 15 नवंबर को दलबंदीन के बारतगजी में क्वेटा-तफ्तान राजमार्ग पर नाकेबंदी के दौरान कुल नौ व्यावसायिक वाहनों को कब्जे में लिया।

संगठन ने दावा किया कि 10 नवंबर को नोकुंडी के पास एक 'शोषणकारी कंपनी' द्वारा संचालित डामर प्लांट पर कब्जा कर उसकी मशीनरी और वाहनों को आग लगा दी गई। इसके अलावा, एक अन्य इकाई ने कथित तौर पर एक लेवी चौकी पर कब्जा कर वहां तैनात कर्मियों को हिरासत में लिया और हथियार तथा अन्य सामान जब्त कर लिया।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags