Samachar Nama
×

आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत के बाद जय मूंदड़ा बोले, 'अभी भी इस एहसास को महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं'

आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत के बाद जय मूंदड़ा बोले, 'अभी भी इस एहसास को महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं'
आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत के बाद जय मूंदड़ा बोले, 'अभी भी इस एहसास को महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं'

बेलफास्ट, 28 जून (आईएएनएस)। आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा को भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के अंतिम मुकाबले में 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। भारत में जन्मे इस खिलाड़ी ने सीरीज के पहले मैच में 25 रन देकर 2 विकेट, जबकि अगले मुकाबले में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। आयरलैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीती है, जिसके बाद जय ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का उनका पहला अनुभव 'शानदार' रहा।

मूंदड़ा ने रविवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में 155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने संजू सैमसन को पगबाधा आउट किया और फिर अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर को भी पवेलियन भेजा। जय ने कुल तीन विकेट लिए और आयरलैंड ने एक रन से जीत हासिल कर यादगार सीरीज अपने नाम की।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जय ने कहा, "मैं अभी भी इस एहसास को महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे पता है कि इसे एक शब्द में बताना मुश्किल है। बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना और खुद को परखना एक शानदार एहसास है। तो बस लंबे समय तक बुनियादी चीजें करना ही योजना थी। टीम के सदस्यों और मैनेजमेंट को इसका श्रेय जाता है। चीजों को आसान रखना। मुश्किल समय आएगा, लेकिन शांत और संयमित रहकर अपना काम करते रहना है। मैं अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहा हूं।"

सैमसन के खिलाफ गेंदबाजी करते समय अपनी सोच के बारे में मूंदड़ा ने कहा, "बस चीजों को आसान रखो, वही करो जो करते आ रहे हो। यह मुश्किल होने वाला है, गलती की गुंजाइश कम है। तो बस वही करते रहो जो तुम करते आ रहे हो और प्लान पर टिके रहो।"

साल 2021 में आयरलैंड आने के बाद टीम में अपनी जगह बनाने के दौरान आई मुश्किलों पर बात करते हुए मूंदड़ा ने कहा, "खैर, हर किसी की जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते हैं, तो बस आपको डटे रहना होता है और आगे बढ़ते रहना होता है। और कुछ नहीं।"

उन्होंने आयरलैंड कैंप के माहौल की भी तारीफ में कहा, "खैर, उन्होंने मुझे ऐसा महसूस कराया कि मैं उन्हीं में से एक हूं, कुछ भी अलग नहीं। खेलना शानदार रहा, अच्छा माहौल, अच्छे लोग। तो बस वही काम कर रहा हूं, जो उन्होंने मुझे सौंपा है।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags