अफगानिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से 28 की मौत, 49 लोग घायल
काबुल, 30 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कई प्रांतों में 26 फरवरी से जारी भारी बारिश, बाढ़ और बिजली गिरने के कारण लगभग 28 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 49 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी आपदा तैयारी प्राधिकरण के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हमाद ने सोमवार को दी।
अफगानिस्तान की टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यूसुफ हमद बताया कि प्रभावित प्रांतों में कंधार, हिलमंड, हेरात, घोर, काबुल, कपिसा, परवान, पंजशीर, जौज़जान, फरयाब, बदख़्शान, बाम्यान, दैकुंडी, पक्तिया, पक्तिका, लोगर, ज़ाबुल, बल्ख़, बदघीस, समंगान, बघलान, तख़ार, लघमन और नंगरहार शामिल हैं।
बाढ़ के प्रभाव के कारण लगभग 568 घर और दस दुकानें नष्ट हो गईं हैं, जबकि 93 किमी सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और लगभग 244 मवेशी खो गए। 1,130 परिवार इन बारिशों से प्रभावित हुए हैं।
यूसुफ हमद ने बताया कि आपदा तैयारी प्राधिकरण ने प्रभावित निवासियों को सहायता, खाद्य सामग्री और अन्य मदद भेजी है। अधिकारियों ने निवासियों से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और नदियों और बाढ़-प्रवण क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
जनवरी में भी अफगानिस्तान के कई प्रांतों में बारिश के बाद कम से कम 11 लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हुए थे।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता के अनुसार, प्रांतीय अधिकारियों की प्रारंभिक रिपोर्टों में बताया गया कि गंभीर मौसम ने परवान, वार्दक, दक्षिणी कंधार, उत्तर जौज़जान, फरयाब और मध्य बाम्यान के निवासियों को प्रभावित किया था।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर में प्राधिकरण ने कहा था कि हाल की बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण तीन प्रांतों काबुल, लगमान और कपिसा में 721 परिवार प्रभावित हुए थे।
प्राधिकरण के प्रवक्ता हमद ने कहा कि कई आवासीय घर पूरी तरह या आंशिक रूप से नष्ट हो गए हैं। 1,000 एकड़ से अधिक कृषि भूमि बह गई है और फल उत्पादक किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

