Samachar Nama
×

बंगाल: बर्द्धमान रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मिलेगी मेडिकल सुविधा, इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू

बंगाल: बर्द्धमान रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मिलेगी मेडिकल सुविधा, इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू
बंगाल: बर्द्धमान रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मिलेगी मेडिकल सुविधा, इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू

कोलकाता, 24 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बर्द्धमान जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे और सातों दिन चलने वाला इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू किया है। यहां जरूरतमंद यात्रियों को 24 घंटे चिकित्सा सहायता मिलेगी।

बर्द्धमान हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग का एक प्रमुख स्टेशन है, जहां दिन-रात ट्रेनें गुजरती हैं। यह कम दूरी की एक्सप्रेस और उपनगरीय ट्रेनों का भी एक प्रमुख केंद्र है।

एक अधिकारी ने बताया कि किम्स अस्पताल ईस्टर्न रेलवे के सहयोग से इमरजेंसी मेडिकल रूम का संचालन कर रहा है। स्टेशन पर या यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रा के दौरान किसी यात्री की तबीयत खराब होने या आपात स्थिति पैदा होने पर उसे तुरंत चिकित्सा सहायता दी जाएगी।

इमरजेंसी मेडिकल रूम स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास बनाया गया है और यह सप्ताह के सातों दिन चालू रहेगा। यहां सामान्य चिकित्सा सुविधाओं के साथ जरूरी होने पर बेहतर स्तर का इलाज भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा एक एम्बुलेंस, फार्मेसी और लैब की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

अधिकारी ने कहा, "इस एकीकृत चिकित्सा सहायता व्यवस्था से रेल यात्रियों को समय पर मदद मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।"

बर्द्धमान स्टेशन पर शुरू किया गया इमरजेंसी मेडिकल रूम महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के ईस्टर्न रेलवे के प्रयासों का हिस्सा है।

इसी तरह की सुविधा बोलपुर स्टेशन पर पहले से चालू है, जबकि दुर्गा पूजा के बाद रामपुरहाट स्टेशन पर भी ऐसी सुविधा शुरू किए जाने की उम्मीद है। बोलपुर और रामपुरहाट दोनों ही हावड़ा, उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों को जोड़ने वाले मार्ग के महत्वपूर्ण स्टेशन हैं।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि स्टेशनों और लंबी दूरी की ट्रेनों में मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए ऐसे इमरजेंसी मेडिकल रूम बेहद महत्वपूर्ण हैं। कई बार यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने पर यात्रियों को ट्रेन से उतारना पड़ता है।

उन्होंने कहा, "गंभीर मामलों से निपटने में शुरुआती कुछ पल बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। मरीज की हालत स्थिर होने के बाद यह फैसला लिया जा सकता है कि उसे अस्पताल ले जाना है या उसकी स्थिति को देखते हुए यात्रा जारी रखने की अनुमति दी जा सकती है।"

इमरजेंसी मेडिकल रूम को जानबूझकर स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास बनाया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

अधिकारियों के मुताबिक, टिकट वाले क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद तबीयत खराब होने वाले लोग या टिकट खरीदने से पहले अस्वस्थ महसूस करने वाले यात्री भी इस मेडिकल सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story