Samachar Nama
×

न्यूयॉर्क में अभियान के दौरान 2,197 प्रवासियों की गिरफ्तारी, अधिकारियों के बीच बयानबाजी तेज

न्यूयॉर्क में अभियान के दौरान 2,197 प्रवासियों की गिरफ्तारी, अधिकारियों के बीच बयानबाजी तेज
न्यूयॉर्क में अभियान के दौरान 2,197 प्रवासियों की गिरफ्तारी, अधिकारियों के बीच बयानबाजी तेज

न्यूयॉर्क, 2 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) के सचिव मार्कवेन मुलिन ने घोषणा की कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (आईसीई) एजेंटों ने जुलाई के अंत से अगस्त के अंत तक चलाए गए अभियान के दौरान पूरे न्यूयॉर्क राज्य में 2,197 प्रवासियों को गिरफ्तार किया।

मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को न्यूयॉर्क सिटी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुलिन ने कहा कि 'ऑपरेशन रॉटेन एप्पल' ने वह काम किया जो न्यूयॉर्क सिटी और न्यूयॉर्क राज्य के तथाकथित 'सैंक्चुअरी' नेताओं ने करने से इनकार किया। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान ने राज्य को अधिक सुरक्षित बनाया।

मुलिन ने कहा कि इस अभियान में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और गवर्नर कैथी होचुल का कोई सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा, "इस अभियान के दौरान हमने हत्यारों, बलात्कार के आरोपियों, बाल यौन अपराधियों, नशीले पदार्थों के तस्करों और हिंसक अपराधों में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया।"

व्हाइट हाउस के बॉर्डर जार टॉम होमन ने कहा कि न्यूयॉर्क और अन्य जगहों के डेमोक्रेट नेता सार्वजनिक सुरक्षा की बात तो करते हैं लेकिन वे इमिग्रेशन कानून लागू करने वाले अधिकारियों को जेलों में जाकर अपराधियों को हिरासत में लेने की अनुमति नहीं देते।इसके बजाय ऐसे लोगों को रिहा कर दिया जाता है।

दूसरी ओर, गवर्नर कैथी होचुल ने डीएचएस अधिकारियों के बयानों को चुनौती दी। एक अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "हम अपराधियों के लिए कोई सैंक्चुअरी राज्य नहीं हैं।" उन्होंने प्रशासन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

होचुल ने कहा क‍ि राष्ट्रपति के लिए मेरा संदेश है, हमारी सार्वजनिक सुरक्षा की कोशिशों को कमजोर मत कीजिए। आतंकवादी हमलों को रोकने वाले पुलिस विभागों की फंडिंग मत रोकिए। लोगों की जिंदगी के साथ राजनीति मत कीजिए।

उन्होंने कहा कि संघीय सरकार पर न्यूयॉर्क राज्य का 8.7 मिलियन डॉलर बकाया है और उसे जारी किया जाना चाहिए। अगर आप आतंकवादरोधी फंडिंग जारी नहीं करते, तो आप उन सभी परिवारों के साथ अन्याय कर रहे हैं जिन्होंने 11 सितंबर के हमलों में अपने प्रियजनों को खोया था।

उनका आरोप था कि 9/11 के बाद बनाई गई डीएचएस एजेंसी न्यूयॉर्क राज्य की आतंकवाद-रोधी फंडिंग का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा रोककर बैठी है।

मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति गंभीर अपराध करता है, तो शहर प्रशासन उस मामले में संघीय एजेंसियों के साथ संपर्क करेगा।

उन्होंने कहा क‍ि अगर कोई गंभीर अपराध करता है, तो हम निश्चित रूप से संघीय प्रशासन के संपर्क में रहेंगे। हालांकि, ममदानी ने आईसीई की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि एजेंसी प्रवासी होने को ही अपराध की तरह पेश करने की कोशिश कर रही है।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags