नेपाल में बाढ़ के बाद 149 भारतीय नागरिकों को बचाया गया
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद अब तक कुल 149 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है।
विदेश मंत्रालय ने रविवार शाम 5.30 बजे तक बचाए गए सभी 149 भारतीय नागरिकों की सूची सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की। इस बीच, 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल पहुंची और राहत सामग्री सौंप दी गई।
विदेश मंत्रालय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नेपाल के साथ खड़े हैं। 11 टन राहत सामग्री लेकर चौथी उड़ान नेपाल पहुंची और राहत सामग्री सौंप दी गई। इसमें सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए उपकरणों के साथ एक टनल टेक्निकल टीम, डीएनए एनालिसिस के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम और कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी राहत सामग्री शामिल है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को कहा कि 230 फीट लंबे सिंगल लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के लिए उपकरण लेकर 16 ट्रक नेपाल पहुंच चुके हैं।
उन्होंने एक्स पर कहा कि सात और बेली ब्रिज लगाने के लिए जल्द ही उपकरण भेजे जाएंगे। इनके इंस्टॉलेशन के लिए टेक्निकल टीमों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है। अब तक, काठमांडू में कुल 68.5 टन राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है, जिसमें जरूरी दवाएं, पोर्टेबल जेनरेटर सेट, खाने के पैकेट, पानी साफ करने वाली गोलियां और टेक्निकल उपकरण शामिल हैं।
इस बीच, नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने रविवार को नेपाल में तैनात भारतीय फोरेंसिक टीम के सदस्यों से मुलाकात की। यह टीम विनाशकारी अचानक आई बाढ़ के पीड़ितों के शवों की पहचान करने में मदद के लिए वहां तैनात की गई है। उन्होंने दोहराया कि भारत नेपाल में चल रहे बचाव और राहत कार्यों में अपना पूरा सहयोग जारी रखेगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल में तैनात भारतीय फोरेंसिक टीम के सदस्यों से मुलाकात की। यह टीम हाल ही में आई अचानक बाढ़ के पीड़ितों के शवों की पहचान में मदद के लिए डीएनए सैंपल की जांच करने में अपने नेपाली सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगी।
--आईएएनएस
एमएस/

