दिल्ली : महरौली में 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, कैब ड्राइवर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक कैब ड्राइवर ने 11 साल की बच्ची से रेप करने के बाद उसकी हत्या कर शव फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह तकरीबन 5 बजे के करीब बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी, तभी कैब ड्राइवर ने उठा ले गया। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत बच्ची को खोजने के लिए कई खास टीमें बनाईं और कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने रेप के बाद हत्या कर बच्ची की लाश फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के किनारे फेंक दी थी। पुलिस ने लाश बरामद कर लिया है और ड्राइवर पर अपहरण, रेप और हत्या का मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में एक अलग घटना में 36 साल की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने एक व्यक्ति पर वीडियो शूट करने के बहाने रेप करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर 10 जून को बुराड़ी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई और एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि मामले की जांच चल रही है।
शिकायत के अनुसार, बुराड़ी की रहने वाली पीड़िता 2022 में एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आरोपी के संपर्क में आई थी। उसने आरोप लगाया कि सितंबर 2022 में उस व्यक्ति ने उसे सोशल मीडिया रील्स बनाने के बहाने एक स्थानीय होटल में बुलाया, जहां उसने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
महिला ने आगे आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने उसे ब्लैकमेल किया और कई बार उसके साथ मारपीट की। जब उसे पता चला कि उस व्यक्ति का असली नाम उसकी बताई गई पहचान से अलग है, तो उसने उससे दूरी बना ली। इसके बाद उसने दावा किया कि उसे आरोपी के जीजा और एक अन्य रिश्तेदार से धमकियां मिलीं।
वहीं, हाल ही में बिहार के बेगूसराय जिले में पांच युवकों ने कथित तौर पर एक 28 वर्षीय विवाहित महिला के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने पीड़िता के साथ बेहद बर्बरता की और उसके प्राइवेट पार्ट्स में एक ज़िंदा कारतूस, एक पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा डाल दिया।
हालांकि यह घटना 11 जून की रात को हुई थी, लेकिन गुरुवार को हुई जांच में इसकी मेडिकल पुष्टि हुई। पीड़िता का अभी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोर्ट में दिए अपने बयान में उसने बताया कि जब वह शौच के लिए बाहर निकली थी, तो पांचों लोगों ने उसे बंधक बना लिया, उसे खींचकर एक सुनसान जगह पर ले गए, रस्सियों से बांधा और उसके साथ मारपीट की।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

